(महेन्द्र नागौरी)
करोई थाना पुलिस ने 100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालकर आरोपी को दबोचा, लूटा गया टेंपो व माल बरामदगी की कार्रवाई जारी
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|जिल्रे की करोई थाना पुलिस ने टेंपो लूट और चोरी के चर्चित मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने किराये पर लिया गया टेंपो लेकर चालक पर हमला किया और तरबूज से भरे वाहन सहित फरार हो गया था। करीब दो महीने तक फरार रहने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की मदद से उसे दबोच लिया।
पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बुद्धराज तथा गंगापुर पुलिस उपाधीक्षक सुदर्शन पालीवाल के सुपरविजन में थानाधिकारी सियाराम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने साइबर सेल के सहयोग से घटनास्थल से जुड़े रूट का विश्लेषण किया और लगातार तकनीकी निगरानी के बाद आरोपी तक पहुंच बनाई।
पुलिस के अनुसार 25 मई को दौलपुरा निवासी टेंपो चालक को आरोपी नारू उर्फ नारायण बैरवा ने फार्म हाउस पर तरबूज पहुंचाने के बहाने वाहन किराये पर लिया। रास्ते में सुनसान स्थान पर चालक पर धारदार वस्तु से हमला कर घायल कर दिया और टेंपो, उसमें भरे करीब 30 क्विंटल तरबूज तथा मोबाइल लेकर फरार हो गया। इस संबंध में करोई थाने में मामला दर्ज किया गया था ।
गिरफ्तार आरोपी नारू उर्फ नारायण पुत्र श्योराम उर्फ सवाईराम बैरवा (31) निवासी गेगपुरा, थाना राशमी (चित्तौड़गढ़) का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट, अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। पुलिस अब लूटे गए टेंपो और अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।
