चंपापुर एमडी ड्रग्स कांड पर गरजा प्रशासन का ‘पीला पंजा’: जिस मकान में बनती थी 36 करोड़ की ड्रग्स, उसे किया पूरी तरह जमींदोज

बिजौलिया, 20 जून 2026। बिजोलिया थाना सर्किल के चम्पापुर गांव में अवैध निर्माण और मादक पदार्थ माफियाओं के खिलाफ कार्यवाही करते हुए प्रशासन ने आज बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। हाल ही में पकड़े गए चर्चित ड्रग्स कांड के तहत निर्माण में उपयोग में लिए गए अवैध मकान को प्रशासन ने पीला पंजा (बुलडोजर) लगाकर पूरी तरह से धराशाही कर दिया। अतिक्रमण हटाने की यह बड़ी कार्रवाई राजस्थान भू-राजस्व अधिनियम की धारा 177 के तहत की गई है।
कास्या चौकी प्रभारी नरेश शर्मा को मुखबिर तंत्र से चंपापुर गांव के इस फार्म हाउस में चल रही संदिग्ध गतिविधियों को लेकर एक बेहद सटीक और पुख्ता सूचना मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए बिजौलिया थाना प्रभारी स्वागत पांड्या के नेतृत्व में तुरंत एक विशेष पुलिस टीम का गठन कर चक्रव्यूह तैयार किया गया और इस काले अड्डे का भंडाफोड़ किया गया था।
36 करोड़ की अंतरराष्ट्रीय कीमत का हुआ था भंडाफोड़:
बिजोलिया थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ जिले की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक कार्रवाई को अंजाम देते हुए चंपापुर गांव में बड़े स्तर पर चल रहे ‘एमडी ड्रग’ (मेफेड्रोन) बनाने के इस काले कारोबार का पर्दाफाश किया था। पुलिस की विशेष टीम ने वन क्षेत्र से बिल्कुल सटे एक सुनसान फार्म हाउस पर अचानक योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर 36 किलो तैयार एमडी ड्रग्स और लगभग 20 किलो रॉ मैटेरियल जप्त किया था। जप्तशुदा 36 किलो एमडी ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 36 करोड रुपए बताई गई थी। मौके से गिरोह के तीन शातिर तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद आज इस अवैध फैक्ट्री पर प्रशासन का पीला पंजा चला है।
