पुनित चपलोत
भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|जिले में नशा तस्करी के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ए.एन.टी.एफ) की लगातार कार्रवाई से तस्करों की कमर टूटती नजर आ रही है। ए.एन.टी.एफ के उप महानिरीक्षक अभिजीत सिंह ने बताया कि अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. के निर्देशन में अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में भीलवाड़ा टीम ने एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
*पहली कार्रवाई में अफीम बरामद, कार जब्त*
ए.एन.टी.एफ को सूचना मिली कि महिंद्रा एक्सयूवी 3 एक्सओ कार (जीजे 27 ईएफ 1745) में अवैध अफीम ले जाई जा रही है। इस पर टीम ने आसींद पुलिस के साथ निम्बाहेड़ा बायपास पर नाकाबंदी की। संदिग्ध कार को रोककर तलाशी लेने पर 1.27 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने कार जब्त कर रतनलाल (30) व पारस नाथ (40) निवासी देवथड़ी, थाना करेड़ा को गिरफ्तार किया।
*दूसरी कार्रवाई में डोडा पोस्त जब्त*
दूसरी कार्रवाई में ए.एन.टी.एफ को सूचना मिली कि शाहपुरा क्षेत्र के रहड़ गांव में एक व्यक्ति के घर पर मादक पदार्थ छुपाकर रखा गया है। टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ छापेमारी कर आरोपी रज्जाक मंसुरी (50) के घर से 1.249 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच जारी है। जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
