*पुनित चपलोत
बिजयनगर/भीलवाड़ा। राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर फिल्मी अंदाज में कार का पीछा कर मारपीट और लूट की वारदात को अंजाम देने वाले भीलवाड़ा के शातिर बदमाशों के गिरोह का बिजयनगर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भीलवाड़ा के छह आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो और क्रेटा कार भी जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार, डिडवाना-कुचामन जिले के परबतसर थाना क्षेत्र के रोहिंदी निवासी बाघाराम गुर्जर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने भाई मोतीराम और सचिन के साथ 19 जून की रात बेंगलुरु से अपने गांव लौट रहा था। रात करीब 10 बजे रायला टोल के आगे एक काले रंग की स्कॉर्पियो ने बार-बार डिपर देकर और हाथ से इशारा कर उनकी कार रुकवाने का प्रयास किया। संदेह होने पर उन्होंने वाहन नहीं रोका और आगे बढ़ते रहे।
रिपोर्ट के मुताबिक, स्कॉर्पियो सवारों ने लगातार कई किलोमीटर तक पीछा किया। बिजयनगर पुलिया से पहले एक स्कॉर्पियो और दूसरी क्रेटा कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मारकर जबरन रुकवा लिया। इसके बाद दोनों वाहनों से 6 से 8 युवक उतरे और बाघाराम व उसके साथियों के साथ मारपीट कर गले में पहनी सोने की चैन लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बिजयनगर पुलिस सक्रिय हुई और आरोपियों के वाहनों के नंबरों के आधार पर पीछा शुरू किया। पुलिस ने किशनगढ़ टोल के पास नाकाबंदी कर दोनों गाड़ियों को पकड़ लिया और सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने इस मामले में भीलवाड़ा जिले के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
मयंक जटिया (20) निवासी गोपालपुरा, शास्त्रीनगर, थाना कोतवाली
विनित राठी (21) निवासी हरीजन बस्ती, बापूनगर कॉलोनी, थाना कोतवाली
ऋषभ जोशी (24) निवासी मंगला चौक, थाना भीमगंज
उत्तम नाराणिया (21) निवासी न्यू हाउसिंग बोर्ड, थाना कोतवाली
राजवीर विसनानी (18) निवासी वैभव नगर, गोपालपुरा रोड, थाना कोतवाली
आशीष लोट (22) निवासी बापूनगर कॉलोनी, थाना कोतवाली
अन्य वारदातों के खुलासे की उम्मीद
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह एक संगठित गिरोह प्रतीत हो रहा है। पूछताछ में हाईवे पर हुई अन्य वारदातों और लूट की घटनाओं के भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
