सात फेरों के बाद नशे में धुत शराबी दूल्हे को
देख भड़की दुल्हन साथ जाने से किया इनकार
घंटों पंचायत के बाद भी नहीं बनी बात!
बिन दुल्हन हुई बारात बैरंग वापस!
स्मार्ट हलचल शीतल निर्भीक
लखनऊ।उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में शादी समारोह के दौरान पहले डीजे को लेकर बरातियों- घरातियों के बीच विवाद हुआ, फिर किसी तरह समझौता कर शादी संपन्न कराई गई। इसके बाद दुल्हन ने दूल्हे पर शराब पीने का आरोप लगाकर बाराती संग ससुराल जाने से इनकार कर दिया। बहुत मान-मनौव्वल के बाद भी बात नहीं बनी और बिन दुल्हन बारात बैरंग वापस चलीं गईं। इस मामले को लेकर नगर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार उत्तर -प्रदेश के भदोही जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जिले के ऊंज थाना क्षेत्र के नवधन गांव में सात फेरों के बाद नशे में धुत शराबी दूल्हे के साथ जाने से दुल्हन ने इनकार कर दिया। पहले डीजे पर नाचने को लेकर बरातियों और घरातियों के बीच जमकर विवाद हुआ। किसी तरह मान मन्नौव्वल के बाद शादी संपन्न कराया गया, लेकिन मंडप में भी नशे में धुत रहे दूल्हे को देखकर दुल्हन ने उसके साथ जाने से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि बरातियों को बंधक भी बना लिया है।
क्या है पूरा मामला!
जानकारी के अनुसार बीती मंगलवार की रात नवधन गांव की वनवासी बस्ती के एक परिवार में प्रयागराज जिले से बरात आई थी। जनवासे से बारात उठाने के बाद बराती नाचते-गाते दुल्हन के घर पहुंचे। इस दौरान डीजे पर डांस को लेकर घरातियों और बरातियों के बीच विवाद हुआ और देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट होने लगा। हालांकि जिम्मेदारों ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया। जिसके बाद शादी संपन्न हुई।
किसी भी हाल में दूल्हे के साथ जाने को दुल्हन राजी नहीं!
शादी के दौरान मंडप में भी नशे में धुत होकर बैठे दूल्हे को देखकर दुल्हन ने उसके साथ जाने से इनकार कर दिया। जिसके बाद घराती और बराती पक्ष हैरान रह गए। काफी देर तक दुल्हन को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह किसी भी हाल में दूल्हे के साथ जाने को राजी नहीं हुई। इसके बाद घराती पक्ष के लोगों ने बरातियों को बंधक बना लिया। मामला बढ़ने के बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने में जुटी रही।