दूनी नगर पालिका के सभी 20 वार्डों में रखे जाएंगे बड़े लोहे के कचरा पात्र-मुख्य बाजार और चौराहों पर भी लगाने की मांग,

पार्षदों ने स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए दिए सुझाव-अधिक कचरा निकलने वाले स्थानों पर अतिरिक्त पात्र रखने की उठाई मांग

शिवराज बारवाल मीना

टोंक।स्मार्ट हलचल|दूनी तहसील मुख्यालय कस्बे को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से दूनी नगर पालिका प्रशासन द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के तहत सभी 20 वार्डों में निर्धारित स्थानों पर बड़े लोहे के कचरा पात्र (डस्टबिन) रखवाए जाएंगे। वहीं, दूनी नगरपालिका मंडल के नवनिर्वाचित पार्षदों ने इस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और टिकाऊ बनाने के लिए वार्डों के साथ-साथ मुख्य बाजार एवं प्रमुख चौराहों पर भी बड़े लोहे के कचरा पात्र लगाने की मांग की है।
मुख्य बाजार, चौराहों और जरूरत वाले स्थानों पर भी लगाने की मांग
दूनी नगरपालिका मंडल के नवनिर्वाचित पार्षद पूरणवीर सिंह रोझ, श्रीमती लक्ष्मी नरेन्द्र मेहरा, इन्द्रराज सैनी, नरेन्द्र जांगिड़ एडवोकेट, पप्पू कर्मावत, रामकल्याण सोनी, कृष्णा बनवारी बडगुजर, मनभर देवी वर्मा एवं अर्चना बडगूजर ने सुझाव देते हुए कहा कि केवल आवासीय वार्डों तक ही यह व्यवस्था सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि दूनी शहर के मुख्य बाजार एवं प्रमुख चौराहों पर भी बड़े लोहे के कचरा पात्र रखे जाने चाहिए। बाजार और चौराहों पर लोगों की आवाजाही अधिक रहती है, ऐसे में मजबूत एवं बड़े कचरा पात्र लगाने से स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकता है। इसके साथ ही जिन स्थानों पर अधिक कचरा एकत्रित होता है, वहां आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त कचरा पात्र भी रखवाए जाएं, ताकि सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैले।
मोहल्लों में कचरे के ढेर से मिलेगी राहत
इस व्यवस्था से मोहल्लों में जगह-जगह लगने वाले कचरे के ढेरों से आमजन को राहत मिलने की उम्मीद है। स्थानीय निवासी घरों का कचरा खुले में फेंकने के बजाय निर्धारित कचरा पात्रों में डाल सकेंगे। इसके बाद नगर पालिका के कचरा संग्रहण वाहन प्रतिदिन कचरा उठाकर ले जाएंगे। नियमित सफाई से गंदगी, दुर्गंध और मच्छरों की समस्या में भी कमी आने की संभावना है।
पार्षदों और आमजन की राय से तय होंगे स्थान
नगरपालिका मंडल दूनी के उपाध्यक्ष ओमप्रकाश जाट ने बताया कि प्रत्येक वार्ड में कचरा पात्र रखने के लिए संबंधित वार्ड पार्षदों एवं मोहल्लेवासियों से चर्चा कर उपयुक्त स्थान निर्धारित किए जाएंगे। इसके बाद सभी 20 वार्डों में कचरा पात्र रखवाकर नियमित कचरा संग्रहण की व्यवस्था शुरू की जाएगी।