दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग मामले में आरोपी गिरफ्तार, एक साल से महिला को बना रहा था दबाव

बिजौलिया । थाना पुलिस ने विवाहिता से दुष्कर्म कर लंबे समय तक ब्लैकमेलिंग करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि थाना क्षेत्र के श्यामपुरा निवासी लखन बारेठ को दुष्कर्म एवं ब्लैकमेलिंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ एक विवाहिता ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि करीब एक वर्ष पूर्व आरोपी उसे तिलस्वा महादेव दर्शन कराने के बहाने अपने साथ ले गया था। इसके बाद वह उसे तिलस्वा स्थित महादेव गेस्ट हाउस लेकर पहुंचा, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। होटल एक पत्रकार का बताया जा रहा है ।

पीड़िता के अनुसार घटना के बाद आरोपी लगातार उसे धमकाकर और ब्लैकमेल कर रुपए की मांग करता रहा। आरोपी और महिला एक-दूसरे को पहले से जानते थे। इसी परिचय का फायदा उठाकर आरोपी ने उसे अपने झांसे में लिया।

महिला ने बताया कि मजदूरी कर जीवनयापन करने के कारण वह लंबे समय तक आरोपी की कथित धमकियों और दबाव के चलते शिकायत दर्ज नहीं करा सकी। आखिरकार हिम्मत जुटाकर उसने पुलिस की शरण ली, जिसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने तिलस्वा स्थित महादेव गेस्ट हाउस पहुंचकर आवश्यक जानकारी जुटाई और संबंधित रिकॉर्ड की भी जांच की। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।