नई औद्योगिक इकाइयों को प्रोत्साहित कर रोजगार सृजन को गति दी जाएगी — वी.के. जेटली
कोटा। स्मार्ट हलचल|एम्प्लॉयर्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (EAR) के चुनाव वरिष्ठ अधिवक्ता आलोक फतेहपुरिया द्वारा शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक जयपुर में सम्पन्न हुए। चुनाव परिणामों में कोटा के उद्योग जगत के वरिष्ठ प्रतिनिधि वी.के. जेटली को एसोसिएशन का वरिष्ठ उपाध्यक्ष निर्वाचित किया गया, जिससे हाड़ौती क्षेत्र की औद्योगिक भागीदारी को संगठन में महत्वपूर्ण मजबूती मिली है।
निर्वाचन अधिकारी द्वारा घोषित परिणामों के अनुसार एन.के. जैन को सर्वसम्मति (निर्विरोध) से लगातार 12वीं बार एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनने के बाद वी.के. जेटली ने कहा कि कोटा का औद्योगिक क्षेत्र अपार संभावनाओं से भरपूर है और इसे सशक्त बनाने के लिए उद्योगों के बीच बेहतर समन्वय, नवाचार और निवेश को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन के माध्यम से कोटा सहित हाड़ौती क्षेत्र के उद्योगों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से राज्य स्तर पर उठाया जाएगा तथा नई औद्योगिक इकाइयों को प्रोत्साहित कर रोजगार सृजन को गति दी जाएगी।
अपने संबोधन में अध्यक्ष एन.के. जैन ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन के हित में निरंतर कार्य करने तथा औद्योगिक विकास को गति देने का संकल्प दोहराया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष एसोसिएशन की थीम “इंडस्ट्री कनेक्ट, कैटलाइज एंड कोलेबोरेट” रखी गई है।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष एन.के. जैन ने कार्यकारिणी का गठन करते हुए ए.के. जैन को मुख्य सलाहकार, जबकि वी.के. जेटली को वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया। इसके अलावा बिमल चौधरी, मनीष गुप्ता, निगम प्रकाश, रुपिन काला (अधिवक्ता), अशोक कुमार अग्रवाल एवं दिनेश गुप्ता (सेकावटी इंपेक्स) को उपाध्यक्ष बनाया गया। एस.के. पाटनी को सचिव का दायित्व सौंपा गया है।
चुनाव प्रक्रिया के अंतर्गत औद्योगिक श्रेणी में पूरे राजस्थान से 36 सदस्यों, प्रोफेशनल श्रेणी में 12 सदस्यों तथा औद्योगिक एसोसिएशन श्रेणी में 5 सदस्यों का चयन भी किया गया।
