शिक्षा और प्रतिभा का हुआ सम्मान, पठान शेख़ सैय्यद मुस्लिम सोसायटी के चौथे प्रतिभा सम्मान समारोह में 40 होनहार विद्यार्थियों का अभिनंदन

बड़ीसादड़ी, 2 जून,2026
(ज़ाकिर हुसैन)

स्मार्ट हलचल।पठान शेख़ सैय्यद मुस्लिम सोसायटी 52 गांव कमेटी के तत्वावधान में पिण्ड दरगाह परिसर में आयोजित चौथा भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह शिक्षा, सामाजिक एकता एवं प्रतिभा प्रोत्साहन का प्रेरणादायी संगम बनकर उभरा। समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से आए गणमान्य नागरिकों, शिक्षाविदों, समाजसेवियों एवं अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति के बीच समाज के 40 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कमेटी अध्यक्ष जुले खान पठान (बिनोता) ने की। समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं स्वागत के साथ हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्साहपूर्वक सम्मान करते हुए उन्हें मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र एवं प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए।

समारोह के मुख्य अतिथि उदयपुर के वरिष्ठ अधिवक्ता हबीब खान पठान ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि शिक्षा ही किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति है। शिक्षित समाज ही प्रगति, विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि भारतीय थाई बॉक्सिंग टीम के कोच डॉ. जुबैर खान (उदयपुर) ने युवाओं को खेलों के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं शारीरिक फिटनेस भी व्यक्तित्व निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने युवाओं को अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास को सफलता की कुंजी बताया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं मोटिवेशनल स्पीकर बड़ीसादड़ी के प्राचार्य डॉ. अशरफ पठान ने विद्यार्थियों को करियर निर्माण, समय प्रबंधन एवं लक्ष्य निर्धारण के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, सकारात्मक सोच और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करती है।
समारोह के दौरान समाज के 40 मेधावी विद्यार्थियों को मंच पर सम्मानित किया गया। परीक्षा परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉपर विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित करते हुए 5 हजार रुपये तक की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर उपस्थित समाजजनों एवं अभिभावकों ने जोरदार तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में कपासन से अध्यापक मंजूर खान एवं उनकी टीम, निंबाहेड़ा से जाहिद साहब एवं उनकी टीम तथा छोटीसादड़ी से मुश्ताक साहब एवं बाबू खान की टीम का उल्लेखनीय योगदान रहा। मंच संचालन अध्यापक जम्मू खान (मंगलवाड़) ने प्रभावी एवं रोचक शैली में किया।

इस अवसर पर डॉ. अकरम पठान (बोहेड़ा), इकबाल मोहम्मद शेख (पीतलवड़ी), चौखला कमेटी उपाध्यक्ष रशीद चौधरी (कलंदर खेड़ा), सचिव असलम खान पठान (बड़ीसादड़ी), कोषाध्यक्ष मुश्ताक (मारसाब खेरमालिया), मुमताज मोहम्मद शेख (नवानिया) एवं मीडिया प्रभारी फरजन खान पठान (सती खेड़ा) सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में शराफत अली, अय्यूब अली (कीरतपुरा), रमजान अली (चिकारड़ा), हाजी रोशन जमीर (मांगरोल), सतार खान (कलंदर खेड़ा), शहजाद खान (खेरमालिया), निंबाहेड़ा मुस्लिम वक़्फ़ सेक्रेट्री खालिक खान,हाजी अतीक खान,सलीम खान पठान, हाजी ताज मोहम्मद शेख (भदेसर), हाजी अय्यूब पठान (बड़ीसादड़ी), महबूब खान (मिन्नाना), हाजी इशाक साहब (पीतलवड़ी), मेहताब खान, फकीर मोहम्मद (बोहेड़ा), आसम अली (बाघेलों का खेड़ा), रुस्तम खान (आलोद), मुश्ताक खान (खाजू खेड़ा) सहित 52 गांवों के बड़ी संख्या में समाजजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह के अंत में कमेटी अध्यक्ष जुले खान पठान ने सभी अतिथियों, सहयोगकर्ताओं, अभिभावकों एवं समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए सम्मानित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रतिभा सम्मान समारोह का उद्देश्य समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा युवा पीढ़ी को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम सौहार्द, सामाजिक एकता एवं शिक्षा के प्रति समर्पण के भाव के साथ संपन्न हुआ।