स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर एवं जिला कलेक्टर ने किया सम्मान
कोटा, स्मार्ट हलचल। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शिक्षा, तकनीकी नवाचार एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) कोटा के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग में कार्यरत डॉ. राजेन्द्र कच्छावा को जिला स्तरीय समारोह में सम्मानित किया गया। उन्हें शिक्षा मंत्री मदन दिलावर एवं जिला कलेक्टर, कोटा द्वारा सम्मान प्रदान किया गया।
डॉ. कच्छावा शिक्षा, तकनीकी नवाचार, विद्यार्थियों के मार्गदर्शन, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के कौशल विकास, कैरियर काउंसलिंग, तकनीकी जागरूकता, ऑनलाइन मेंटरिंग और निःशुल्क प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को नई तकनीकों एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ने का कार्य किया है।
AI, डेटा साइंस एवं उभरती तकनीकों के क्षेत्र में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के साथ उन्होंने AI आधारित कृषि तकनीक के विकास पर भी कार्य किया है। उनके शोध कार्य अंतरराष्ट्रीय शोध जर्नल में प्रकाशित हुए हैं। उनके डिजाइन पेटेंट, शोध-पत्र, पुस्तकें एवं पुस्तक अध्याय भी प्रकाशित हो चुके हैं।
डॉ. कच्छावा विद्यार्थियों को AI Startup और Smart India Hackathon जैसी गतिविधियों से जोड़कर उनमें नवाचार एवं समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने के लिए प्रयासरत हैं। वे Microsoft Certified Trainer के रूप में तकनीकी प्रशिक्षण भी प्रदान कर चुके हैं। इसके अलावा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान जागरूकता और विभिन्न सामाजिक आउटरीच कार्यक्रमों में भी उनका योगदान रहा है।
सम्मान प्राप्त करने पर डॉ. कच्छावा ने राजस्थान सरकार, शिक्षा मंत्री, जिला प्रशासन कोटा एवं IIIT Kota के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें युवाओं, शिक्षा और समाज के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।
