अलीगढ़/उनियारा तहसील क्षेत्र में ईद की नमाज़ में झुकी हजारों पेशानियां-गूंजा अमन का पैगाम

 

अलीगढ़ में दिखी गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल-पुष्प वर्षा कर गले मिले लोग

शिवराज बारवाल मीना
टोंक/अलीगढ़/उनियारा। ईदुल फितर के पावन अवसर पर उनियारा उपखण्ड क्षेत्र में भाईचारे, शांति और सौहार्द की ऐसी मिसाल देखने को मिली, जिसने समाज को एकता का मजबूत संदेश दिया। अलीगढ़ कस्बे के बरड़ा मालियान स्थित ईदगाह में हजारों लोगों ने एक साथ ईद की नमाज सजदा कर देश-दुनिया में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। द्वारा एक साथ नमाज अदा की गई। साथ ही जामा मस्जिद, निशान व तेलियान मस्जिद में भी ईद की नमाज़ अदा की। जहां अलीगढ़ सहित उनियारा, पलाई, नगरफोर्ट, बनेठा और सोप क्षेत्र में ईद का त्योहार पूरे हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। ढाणी बरड़ा मालियान स्थित ईदगाह में नमाज़ के बाद लोगों ने गले मिलकर एक-दूसरे को मुबारकबाद दी। हर चेहरे पर खुशी, अपनापन और भाईचारे की झलक साफ दिखाई दी। इस दौरान अंबेडकर जागृति मंच अलीगढ़/उनियारा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मुस्लिम समाज के लोगों का माल्यार्पण कर तथा पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया और गले मिलकर ईद की बधाई दी। यह दृश्य सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव का जीवंत उदाहरण बन गया।कार्यक्रम में अंबेडकर जागृति मंच के सचिव बंशीलाल मीणा, मीडिया प्रभारी शिवराज बारवाल, पूर्व पंचायत समिति सदस्य राधेश्याम वर्मा, मुकेश, अखिल भारतीय मीणा समाज धर्मशाला चौथ का बरवाड़ा के अध्यक्ष आशाराम मीणा, मथुरालाल मीणा, पंचायत समिति प्रधान प्रतिनिधि व कांग्रेस नेता गुलाबचंद मीणा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। ईद के मौके पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलीगढ़ थानाधिकारी राजकुमार चौधरी के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक बाबूलाल रेगर, हरिसिंह मीणा, भंवरलाल मीणा सहित पुलिस जाप्ता प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। क्षेत्र के प्रमुख चौराहों, मस्जिदों और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस जाप्ता तैनात रहा, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। ईद का यह पर्व एक बार फिर साबित कर गया कि उनियारा क्षेत्र में विभिन्न समुदायों के बीच प्रेम, सौहार्द और भाईचारा आज भी उतना ही मजबूत है, जो समाज की असली ताकत है।