अष्टदिवसीय “लाइफ चेंजिंग शिविर – 3” का शुभारंभ गुरुपन्ना की पुण्यधरा बिजयनगर में कल से

अनिल जांगिड़

स्मार्ट हलचल|बच्चों एवं युवाओं के सर्वांगीण विकास, श्रेष्ठ संस्कारों के संवर्धन एवं आध्यात्मिक जागृति के उद्देश्य से अष्टदिवसीय “लाइफ चेंजिंग शिविर – 3” का आयोजन दिनांक 17 मई से 24 मई 2026 तक प्राज्ञ इंटरनेशनल स्कूल परिसर, विजयनगर में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन अखिल भारतीय नानक जैन श्रावक समिति एवं अखिल भारतीय प्राज्ञ जैन युवा मण्डल, विजयनगर के तत्वावधान में संपन्न होगा। मीडिया प्रभारी अमित लोढ़ा ने बताया कि इस शिविर में संघनायक पूज्य गुरुदेव श्री प्रियदर्शन मुनि जी म.सा. आदि ठाणा 3 एवं साध्वी प्रमुखा श्री कमल प्रभा जी म.सा. आदि ठाणा 8 का पावन सान्निध्य प्राप्त होगा। गुरुभगवंतों के सान्निध्य में बच्चों को जैन संस्कृति, नैतिक जीवन, अनुशासन, गुरु भक्ति एवं आत्मचिंतन की प्रेरणा मिलेगी।
शिविर के माध्यम से बच्चों को यह समझाने का प्रयास किया जाएगा कि जीवन में सफलता केवल शैक्षणिक उपलब्धियों से नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार, सकारात्मक विचार, आत्मविश्वास एवं संयमित जीवनशैली से प्राप्त होती है। साथ ही बच्चों को मोबाइल एवं सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से बचते हुए समय का सदुपयोग करने तथा परिवार एवं समाज के प्रति जिम्मेदार बनने की प्रेरणा भी दी जाएगी।शिविर के दौरान प्रतिदिन योग सत्र,
प्रार्थना सत्र , धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम व प्रतियोगिताओ का आयोजन भी किया जाएगा।शिविर में देश के सुप्रसिद्ध जैन मोटिवेशनल स्पीकरो की वार्ताओं का आयोजन भी किया जाएगा। शिविर में देशभर से अभी तक 750 बच्चों का पंजीयन हो चुका है।
आयोजन समिति ने सभी अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, श्रेष्ठ चरित्र निर्माण एवं संस्कारित जीवन हेतु उन्हें इस शिविर में भाग लेने के लिए अवश्य प्रेरित करें। शिविर तैयारियों को लेकर विजयनगर प्राज्ञ संघ ,प्राज्ञ युवा मंडल, प्राज्ञ महिला मंडल, प्राज्ञ बहु बालिका मंडल के पदाधिकारीयो ने शुक्रवार को प्राज्ञ भवन में मीटिंग का आयोजन कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप प्रदान किया।