नगर पालिका के 35 वार्डों में चुनावी सरगर्मी तेज, 23,438 मतदाता करेंगे मतदान; 31 अगस्त तक होंगे नामांकन
शाहपुरा, 27 अगस्त। स्मार्ट हलचल|नगर पालिका शाहपुरा के आम चुनाव को लेकर बुधवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। नामांकन के पहले ही दिन चुनावी मैदान में उतरने वाले प्रत्याशियों ने उत्साह दिखाते हुए कुल 9 नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए। इसके साथ ही शाहपुरा में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं और राजनीतिक दलों एवं संभावित प्रत्याशियों की सक्रियता बढ़ गई है।रिटर्निंग अधिकारी एवं शाहपुरा उपखण्ड अधिकारी बनवारी लाल सिनसिनवार ने बताया कि नगर पालिका शाहपुरा में कुल 35 वार्ड हैं। आम चुनाव में कुल 23,438 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 11,544 पुरुष, 11,893 महिला तथा एक ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के माध्यम से कराया जाएगा। शाहपुरा नगर पालिका के लिए मतदान दूसरे चरण में 11 सितंबर को होगा।
नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित की गई है। 28 अगस्त को रक्षाबंधन तथा 30 अगस्त को रविवार होने के कारण इन दोनों दिनों में नामांकन दाखिल नहीं किए जाएंगे। वहीं 29 अगस्त और 31 अगस्त को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे।
पहले ही दिन 9 नामांकन पत्र प्राप्त होने से माना जा रहा है कि आगामी दिनों में नामांकन को लेकर शाहपुरा में राजनीतिक गतिविधियां और तेज होंगी।
