भीलवाड़ा|जिले की 16 पंचायत समितियों में दो चरणों में हो रहे चुनाव, दूसरे चरण में फुलियाकलां, रायपुर, सहाड़ा, शाहपुरा, आसींद, हुरड़ा और शंभूगढ़ में मतदान
भीलवाड़ा, 26 अक्टूबर।स्मार्ट हलचल|पंचायत राज आम चुनाव-2026 के तहत भीलवाड़ा जिले की कुल 16 पंचायत समितियों में दो चरणों में चुनाव कराए जा रहे हैं। दूसरे चरण में जिले की सात पंचायत समितियों की 185 ग्राम पंचायतों में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव होंगे। इन पंचायत समितियों के अंतर्गत 111 पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतदान कराया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी जसमीत सिंह संधू ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार दूसरे चरण की निर्वाचन प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराई जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि दूसरे चरण में फुलियाकलां पंचायत समिति की 25 ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आने वाले 79 राजस्व ग्रामों में 241 ग्राम पंचायत वार्डों के साथ 15 पंचायत समिति सदस्यों का निर्वाचन होगा। रायपुर पंचायत समिति में 29 ग्राम पंचायतों के 102 राजस्व ग्रामों के 249 ग्राम पंचायत वार्डों तथा 15 पंचायत समिति सदस्यों के लिए चुनाव कराया जाएगा।
इसी प्रकार सहाड़ा पंचायत समिति में 30 ग्राम पंचायतों के 115 राजस्व ग्रामों के 294 ग्राम पंचायत वार्डों के साथ 19 पंचायत समिति सदस्यों का निर्वाचन होगा। शाहपुरा पंचायत समिति में 26 ग्राम पंचायतों के 90 राजस्व ग्रामों के 220 ग्राम पंचायत वार्डों तथा 15 पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान कराया जाएगा।
आसींद पंचायत समिति में 27 ग्राम पंचायतों के 97 राजस्व ग्रामों के 239 ग्राम पंचायत वार्डों के साथ 15 पंचायत समिति सदस्यों का निर्वाचन होगा। हुरड़ा पंचायत समिति में 24 ग्राम पंचायतों के 73 राजस्व ग्रामों के 250 ग्राम पंचायत वार्डों तथा 17 पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
वहीं, शंभूगढ़ पंचायत समिति में 24 ग्राम पंचायतों के 83 राजस्व ग्रामों के 216 ग्राम पंचायत वार्डों के साथ 15 पंचायत समिति सदस्यों का चुनाव होगा।
इस तरह दूसरे चरण में जिले की सात पंचायत समितियों की 185 ग्राम पंचायतों में पंचायती राज चुनाव के तहत 111 पंचायत समिति सदस्यों का निर्वाचन किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले इन चुनावों के माध्यम से पंचायत समिति और ग्राम पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों का चयन होगा।