अनिल कुमार
ग्रामीणों के जागने पर बाइक व तार छोड़कर फरार हुए चोर
स्मार्ट हलचल|ब्यावर जवाजा क्षेत्र के मालपुरा गांव में बीती रात विद्युत तार चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी 11 केवी विद्युत लाइन के 20 से 25 पोल के तार काटकर चोरी करने का प्रयास किया। हालांकि ग्रामीणों की सतर्कता से चोर अपने मंसूबों में पूरी तरह सफल नहीं हो सके और मौके से बाइक व चोरी किए गए तार छोड़कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 2:00 बजे की है। स्थानीय ग्रामीण प्रवीण सिंह ने बताया कि देर रात अचानक बाइक की तेज आवाज सुनाई दी। शक होने पर जब वे घर से बाहर निकले तो देखा कि एक युवक विद्युत तार चोरी कर रहा था। ग्रामीणों द्वारा शोर मचाने पर आरोपी घबराकर भागने लगा, लेकिन इस दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह चोरी किए गए तार सहित नीचे गिर गया। शोर सुनकर अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। भीड़ बढ़ती देख चोर बाइक और तार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत लाइनमैन सलीम काठात को सूचना दी।
सूचना मिलते ही लाइनमैन सलीम काठात और साकेत नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। लाइनमैन ने बताया कि रामपुरा गुदां का बाला से मालपुरा तक पहाड़ी क्षेत्र में नया 11 केवी विद्युत फीडर डाला गया है। इसी फीडर पर अज्ञात चोरों ने पहले चालू लाइन को ट्रिप किया और फिर सुनियोजित तरीके से 20 से 25 विद्युत पोलों के तार काट लिए। उन्होंने बताया कि इतनी बड़ी लंबाई में तार काटे जाने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो सकती थी, लेकिन समय रहते ग्रामीणों के जागने से बड़ा नुकसान टल गया
लिखित शिकायत थाने में दर्ज करेगी
घटना के बावजूद समाचार लिखे जाने तक विद्युत विभाग द्वारा पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है, जिससे कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।
*ग्रामीणों में आक्रोश, गश्त बढ़ाने की मांग*
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। इससे लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।










