घुमंतू परिवारों की गुहार: आवास मिलने तक रोड से नहीं हटाया जाए
नीरज मीणा
महुवा स्मार्ट हलचल/महुवा उपखंड मुख्यालय के आईटी केंद्र पर उपखंड स्तरीय जनसुनवाई में बिजली पानी सहित अन्य समस्याओं केसाथ साटिया, गाड़िया लोहार समाज के घुमंतू परिवारों ने उपखंड अधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर रहने के लिए जमीन व मुख्यमंत्री घुमंतू आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की। परिवारों ने कहा कि वर्षों से वे अस्थायी रूप से सड़कों के किनारे झोपड़िया में अपना परिवार सहित जीवन यापन कर रहे हैं और आज भी हमारे पास कोई स्थायी आवास की सुविधा से वंचित हैं।
प्रार्थना पत्र में मांग की गई कि घुमंतू साटिया ,गाड़िया लोहार परिवारों को रहने के लिए भूमि आवंटित की जाए तथा मुख्यमंत्री घुमंतू आवास योजना के तहत उनके लिए मकान बनवाकर स्थायी आवास उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और घुमंतू परिवार भी सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार रखते हैं।
परिवारों ने प्रशासन से यह भी मांग की कि जब तक उन्हें आवास योजना के तहत वैकल्पिक आवास उपलब्ध नहीं कराया जाता, तब तक उन्हें रोड स्थित वर्तमान निवास स्थलो से नहीं हटाया जाए। उनका कहना है कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के हटाए जाने से उनके सामने आश्रय और आजीविका का संकट खड़ा हो जाएगा।
जनसेवक भुवनेश त्रिवेदी ने प्रशासन से मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए घुमंतू परिवारों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने तथा उन्हें सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों को उनका अधिकार मिलना चाहिए, ताकि वे भी सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी सकें।
उपखंड स्तरीय जनसुनवाई में रसीदपुर गांव में बिजली-सड़क-नाले की सफाई समेत शिक्षा के मुद्दे पर जनसेवक भुवनेश त्रिवेदी के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सरकार से समाधान की मांग की। ग्रामीणों ने तहसीलदार पृथ्वीराज मीणा को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए बिजली, सड़क, जल निकासी और शिक्षा से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग उठाई।
ग्रामीणों ने बताया कि रसीदपुर में जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड का एक्सप्रेस फीडर तत्काल चालू कराया जाए, जिससे क्षेत्रवासियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके। साथ ही मंडावर से आ रही करीब 50 वर्ष पुरानी 33 केवी झज्जर लाइन को हटाकर नई लाइन डलवाई जाए, क्योंकि पुरानी लाइन में आए दिन फॉल्ट होने से थोड़ी सी हवा या आंधी आते ही 10 से 12 घंटे तक बिजली गुल रहती है और हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
जनसुनवाई में रसीदपुर-मीठा से मंडावर-महवा रोड की जर्जर स्थिति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। ग्रामीणों ने सड़क के गड्ढों को भरवाकर पैचवर्क कराने की मांग की और कहा कि बरसात के दौरान यह सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है।
इसके अलावा ग्रामीणों ने रसीदपुर की मूल आबादी में बने नाले की तत्काल सफाई और मरम्मत कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि बारिश से पहले नाले की सफाई नहीं हुई तो नाला टूट सकता है, जिससे बारिश का पानी घरों और खेतों में भर जाएगा। इससे लोगों के मकानों को नुकसान पहुंचने के साथ फसलें भी बर्बाद हो सकती हैं।
जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में विज्ञान संकाय में बायोलॉजी विषय शुरू करने की मांग भी रखी, ताकि विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए अन्य स्थानों पर भटकना न पड़े।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांगों पर त्वरित कार्रवाई कर आमजन को राहत प्रदान करने की अपील की। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर एकजुट नजर आए।
