बिजली के खंभे में दौड़ा करंट, तीन गौवंश झुलसे: लोगों का फूटा गुस्सा, सिक्योर कंपनी पर लगाया लापरवाही का आरोप

पुनित चपलोत
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल।शहर की संजय कॉलोनी में शुक्रवार सुबह बिजली के खंभे में करंट दौड़ने से तीन गौवंश उसकी चपेट में आकर झुलस गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एक तड़पती गाय को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे के बाद क्षेत्रवासियों में बिजली व्यवस्था संभाल रही सिक्योर कंपनी के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिला।पूर्व पार्षद सागर पांडे ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना तत्काल सिक्योर कंपनी को दे दी गई थी, लेकिन कंपनी की टीम करीब सवा से डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची। उनका कहना है कि मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने भी समस्या के समाधान को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दिया।

पांडे ने कहा कि शहर में सिक्योर कंपनी के जिम्मेदारी संभालने के बाद विद्युत व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। संजय कॉलोनी में बिजली के खंभों में करंट दौड़ने की यह चौथी घटना है, जिससे क्षेत्रवासियों में डर और नाराजगी का माहौल है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बिजली कंपनी से मांग की है कि क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्रवासी सिक्योर कंपनी का घेराव कर उग्र आंदोलन करेंगे।