4 करोड़ का गबन: सबूत होने के बावजूद आरोपी आजाद?

कपड़ा कारोबारियों का फूटा गुस्सा—पुलिस पर ढिलाई के आरोप, कार्रवाई नहीं तो आंदोलन की चेतावनी

भीलवाड़ा ( महेन्द्र नागौरी)
स्मार्ट हलचल|प्रतापनगर थाना क्षेत्र में सामने आए करीब 4 करोड़ रुपये के गबन मामले ने पुलिस कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कपड़ा कारोबारी फर्म मान्यवर सिल्क मिल और फैशन क्यू टेक्स प्रा. लि. के संचालकों ने प्रेस वार्ता कर आरोप लगाया कि पुख्ता सबूत होने के बावजूद आरोपी अब तक खुले घूम रहे हैं।
फर्म संचालक मुकेश जागेटिया, पंकज पारीक और विकास राठी ने बताया कि वर्ष 2024 में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, फर्म में कार्यरत कर्मचारियों ने नकली बिल बुक, रसीदें और फर्जी दस्तावेज तैयार कर कपड़े बेच दिए और रकम अपने निजी खातों में जमा कर ली। इस सुनियोजित धोखाधड़ी से करीब 4 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
थानों से लेकर आईजी तक—फिर भी खाली हाथ
पीड़ित पक्ष का कहना है कि वे सैकड़ों बार थाने, पुलिस अधीक्षक और आईजी कार्यालय के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन अब तक न तो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई और न ही एक रुपया बरामद हो पाया।
6 इंस्पेक्टर बदले, कार्रवाई फिर भी ठंडी:-
मामले की जांच अब तक 6 पुलिस निरीक्षकों और 2 उपाधीक्षकों के हाथों से गुजर चुकी है, लेकिन नतीजा शून्य रहा। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि तीन दर्जन से अधिक संदिग्ध बैंक खातों को भी अब तक फ्रीज नहीं किया गया।
कई नाम सामने, फिर भी कार्रवाई नहीं
प्रेस वार्ता में अशोक बोहरा,
सहित आधा दर्जन लोगों
पर इस घोटाले में शामिल होने के आरोप लगाए गए हैं।
कोर्ट की फटकार भी बेअसर?
पीड़ितों का दावा है कि न्यायालय द्वारा कई बार फटकार लगाए जाने के बावजूद पुलिस ने प्रभावी कदम नहीं उठाए, जिससे मामले में देरी और बढ़ गई है।
गिरफ्तारी नहीं तो आंदोलन तय:-
पीड़ित पक्ष ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, संदिग्ध बैंक खातों की जांच, बेनामी संपत्तियों को सीज करने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि जल्द कार्रवाई नहीं होने पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।