सैफई के खंड शिक्षा अधिकारी नवाब वर्मा को भावभीनी विदाई, नए बीईओ गिरीश कुमार का भव्य स्वागत

 

राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ एवं वूमेन टीचर्स एसोसिएशन ने किया सम्मान समारोह, शिक्षा सुधार में नवाब वर्मा के योगदान को किया याद

सैफई (इटावा)।स्मार्ट हलचल|विकासखंड सैफई के खंड शिक्षा अधिकारी नवाब वर्मा का वरिष्ठ प्रवक्ता, डायट हाथरस के पद पर स्थानांतरण होने पर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ एवं वूमेन टीचर्स एसोसिएशन द्वारा संयुक्त रूप से भव्य विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारियों ने श्री वर्मा को पुष्पगुच्छ, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भावभीनी विदाई दी। वहीं नवागत खंड शिक्षा अधिकारी गिरीश कुमार का माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि नवाब वर्मा ने अपने कार्यकाल में सैफई की बेसिक शिक्षा व्यवस्था को नई पहचान दिलाई। उन्होंने विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर शिक्षकों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित कराई, पठन-पाठन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार कराया तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कराया। उनके नेतृत्व में विद्यालयों में अनुशासन, स्वच्छता और शैक्षणिक वातावरण पहले की अपेक्षा अधिक बेहतर हुआ।

महिला शिक्षक संघ की जिला अध्यक्ष श्रीमती कामना सिंह व महामंत्री अर्चना चौधरी ने कहा कि केवल प्रशासनिक अधिकारी के रूप में ही नहीं, बल्कि एक प्रेरक मार्गदर्शक के रूप में भी अपनी पहचान बनाई। उन्होंने शिक्षकों को नवाचार अपनाने, बच्चों के सर्वांगीण विकास तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रेरित किया। उनके प्रयासों से परिषदीय विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों को नई गति मिली और अभिभावकों का सरकारी विद्यालयों के प्रति विश्वास भी बढ़ा।
अपने संबोधन में नवाब वर्मा ने कहा कि सैफई में मिला सहयोग, सम्मान और अपनापन उनके लिए अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन टीमवर्क से ही संभव है और उन्हें विश्वास है कि सैफई के शिक्षक भविष्य में भी बच्चों के हित में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे।

इस अवसर पर नवागत खंड शिक्षा अधिकारी गिरीश कुमार ने कहा कि वे अपने पूर्ववर्ती अधिकारी द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों को आगे बढ़ाते हुए विकासखंड सैफई की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने सभी शिक्षकों से समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

इस मौके पर जितेंद्र यादव जिला महामंत्री राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, मुकेश यादव ब्लॉक अध्यक्ष जसवंतनगर, डीपी यादव संरक्षक, सैफई प्रदीप यादव अध्यक्ष प्रदीप सिंह यादव, शैलेंद्र कुमार संगठन मंत्री, ब्लॉक महामंत्री श्रीमती दीपिका सिंह, श्रीमती आरती राजवंश, श्रीमती अंजू नारायण, ब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती कुसुम यादव, श्रीमती नेहा कुलश्रेष्ठ एआरपी गौरव यादव, आशुतोष शुक्ला, राहुल दुबे एवं श्रीमती इंदु चतुर्वेदी, श्रीमती श्वेता चंदेल, श्रीमती सीमा चौहान, श्रीमती सीमा यादव एवं श्रीमती अनामिका पांडेय तथा ब्लॉक कार्यकारिणी से श्रीमती कुसुम यादव, श्रीमती दीपिका सिंह, श्रीमती वंदना, श्रीमती गीतांजलि, श्रीमती पूजा वर्मा, श्रीमती सुमनलता, श्रीमती नेहा कुलश्रेष्ठ, श्रीमती आरती राजवंश, श्रीमती नम्रता शुक्ला, श्रीमती ममता सिंह, श्रीमती लाली एवं श्रीमती ज्योति वर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहीं।