(पंकज पोरवाल)
*26 अक्टूबर तक वेतन-एरियर नहीं मिला तो उग्र आंदोलन, अब आर-पार की लड़ाई के मूड में कर्मचारी*
राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन ने कार्यवाहक पीएमओ डॉ. वीरेंद्र शर्मा को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी से कराया अवगत, पीएमओ कार्यालय के गेट पर प्रदर्शन की दी चेतावनी
भीलवाड़ा ।स्मार्ट हलचल|महात्मा गांधी अस्पताल में वेतन और बकाया एरियर के भुगतान को लेकर कर्मचारियों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। बार-बार मांग उठाने के बावजूद राहत नहीं मिलने से नाराज चिकित्सा कर्मियों ने अब आंदोलन का बिगुल बजा दिया है। राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन ने अस्पताल प्रशासन को 26 अक्टूबर तक का अल्टीमेटम देते हुए साफ कर दिया कि तय समय में भुगतान संबंधी समस्याएं नहीं सुलझीं तो 27 अक्टूबर से सभी संवर्गों के कर्मचारी एकजुट होकर सड़क पर उतरेंगे। बुधवार को कार्यवाहक चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र शर्मा को ज्ञापन सौंपकर कर्मचारियों ने अपने आक्रोश और आंदोलन की चेतावनी से अवगत कराया। एसोसिएशन ने ज्ञापन में बताया कि अस्पताल कर्मियों को हर महीने समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। वहीं, एक साल से अधिक समय से एरियर का भुगतान भी लंबित है। इसके चलते कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार निवेदन करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से कर्मचारियों में असंतोष गहराता जा रहा है। एसोसिएशन के अनुसार, मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर रेडियोग्राफर, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, प्रयोगशाला सहायक, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, नर्सिंग कैडर और ड्राइवर एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसके तहत अस्पताल परिसर में आक्रोश रैली निकाली जाएगी और पीएमओ कार्यालय के गेट पर प्रदर्शन किया जाएगा। एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि आंदोलन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति या व्यवस्थाओं में व्यवधान की जिम्मेदारी अस्पताल प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक फरीद मो. रंगरेज, फार्मासिस्ट एसोसिएशन के महासचिव नरेश जीनगर, रेडियोग्राफर अधीक्षक घनश्याम असावा, ब्लड बैंक इंचार्ज दिनेश शर्मा, आत्माराम धाकड़, सीनियर नर्सिंग ऑफिसर सतीश शर्मा, नर्सिंग ट्यूटर गोपाल तोलंबिया, ओम विश्नोई, नर्सिंग ऑफिसर महावीर खटीक, सिराज खान, आशा दाधीच और मनीला गौड़ सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। सीनियर नर्सिंग ऑफिसर विनोद जीनगर, सुनील व्यास, नंदगोपाल शर्मा, प्रयोगशाला सहायक रामपाल भांड और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सुरेश नागोरी सहित कई कर्मचारियों ने भी मांगों के समर्थन में एकजुटता जताई।