सक्षम नारी, स्वस्थ बचपन अभियान का जिला स्तरीय समारोह आयोजित

मानदेय कर्मियों को मिला आर्थिक संबल, मतदान की शपथ लेकर लोकतंत्र में भागीदारी का लिया संकल्प

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|‘सक्षम नारी, स्वस्थ बचपन’ एवं ‘समृद्ध राजस्थान’ की संकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से शनिवार को ब्यावर के अंबेडकर भवन में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी, महिला पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं साथिनों ने भाग लिया।कार्यक्रम में जिला कलक्टर कमल राम मीना, अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्म लाल जाट, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी धनदान देथा तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की उपनिदेशक नीरू सांखला सहित जिले के समस्त सीडीपीओ, महिला पर्यवेक्षक एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने महिला एवं बाल विकास विभाग के विभिन्न मानदेय कर्मियों के खातों में राखी के अवसर पर 1,100 रुपये डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित किए। साथ ही साड़ी के लिए 1,000 रुपये सीबीई तथा डेटा प्लान की राशि भी हस्तांतरित की गई। इससे मानदेय कर्मियों को आर्थिक संबल मिला।

समारोह में महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा और समग्र विकास के लिए विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ‘सक्षम नारी, स्वस्थ बचपन’ के माध्यम से स्वस्थ एवं सशक्त परिवार तथा समृद्ध राजस्थान के निर्माण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों ने मतदान की शपथ लेकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। इसके बाद वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। उपनिदेशक नीरू सांखला ने सभी अतिथियों एवं कार्मिकों का आभार व्यक्त किया।