महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने हेतु आकर्षक प्रदर्शनी का आयोजन

अजय सिंह (चिंटू)

जयपुर-स्मार्ट हलचल|महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन देने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से महिलाओं द्वारा संचालित ब्रांड्स की एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में नए और उभरते हुए महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया गया, जिससे उन्हें अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का एक सशक्त मंच मिला।“मोरपंख प्रदर्शनी” में पारंपरिक राजपूती परिधान जैसे बंधेज, लहरिया और अन्य पारंपरिक वस्त्रों के साथ-साथ समर सीज़न के लिए कॉटन सूट्स और को-ऑर्ड सेट्स का आकर्षक संग्रह प्रदर्शित किया गया, जिसने आगंतुकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।

इस प्रदर्शनी का उद्घाटन भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मनीषा सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की थीम “Give to Gain” के अनुरूप जब हम महिलाओं को अवसर, सहयोग और मंच देते हैं, तो समाज को उनकी प्रतिभा, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व के रूप में कई गुना अधिक प्राप्त होता है।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में नताशा सिंह भी उपस्थित रहीं। डॉ. मनीषा सिंह ने इस प्रेरणादायी और सराहनीय आयोजन के लिए आयोजक देविका राजावत एवं रीवा राठौड़ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देते हैं।

प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुँचकर महिला उद्यमियों के प्रयासों की सराहना की और उनके उत्पादों में विशेष रुचि दिखाई। यह आयोजन न केवल महिला उद्यमियों के लिए एक मंच बना, बल्कि समाज में महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक भागीदारी को सशक्त करने का भी प्रेरणादायी प्रयास रहा।