रोटरी क्लब पद्मिनी की पहल, 48 बच्चों और 12 स्टाफ सदस्यों की हुई स्वास्थ्य जांच
कोटा।स्मार्ट हलचल|रोटरी क्लब पद्मिनी कोटा की ओर से सामाजिक सरोकार के तहत नांता स्थित बालिका गृह एवं नारी निकेतन में ईएनटी चेकअप कैंप आयोजित किया गया। कैंप का उद्देश्य बालिका गृह एवं नारी निकेतन में रहने वाले बच्चों और स्टाफ सदस्यों को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना रहा।
रोटरी क्लब पद्मिनी की अध्यक्ष दीप्ति राजावत ने बताया कि कैंप में रोटेरियन डॉ. विक्रांत माथुर ने अपनी सेवाएं देते हुए बच्चों एवं स्टाफ सदस्यों की कान, नाक और गले से संबंधित स्वास्थ्य जांच की। उन्होंने आगे उपचार की आवश्यकता वाले बच्चों को आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया।
सचिव रोटेरियन डॉ. प्रीति शर्मा ने बताया कि कैंप में करीब 48 बच्चों और 12 स्टाफ सदस्यों सहित कुल 60 लोगों को स्वास्थ्य जांच का लाभ मिला। इस दौरान रोटेरियन प्रियंका माथुर की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनका सहयोग किया।