पर्यावरण संरक्षण प्रहरी कोटा एक सार्थक मुहिम: विधायक संदीप शर्मा

​56 इको-फ्रेंडली नवदुर्गा प्रतिमाओं का निःशुल्क वितरण सामाजिक संस्थाओं को प्रोत्साहित करने का अनूठा तरीका: शांति धारीवाल

​कोटा, 11 अक्टूबर। स्मार्ट हलचल|कोटा शहर में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और जल स्रोतों को प्रदूषण मुक्त रखने के उद्देश्य से ‘सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ’ एवं ‘इको-फ्रेंडली नवदुर्गा क्लब’ द्वारा संचालित ‘पर्यावरण संरक्षण प्रहरी कोटा मुहिम’ के द्वितीय चरण का आयोजन रविवार को किया गया। कार्यक्रम के दौरान शहर की विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं को मिट्टी से निर्मित 56 इको-फ्रेंडली नवदुर्गा प्रतिमाएं निशुल्क वितरित की गईं।
समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित पूर्व स्वायत्त शासन मंत्री शांति कुमार धारीवाल ने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण के प्रति सामाजिक संगठनों को जागरूक करने का इससे बेहतर उदाहरण देखने को नहीं मिल सकता। यह पहल समाज को प्रकृति से जोड़ने और जल स्रोतों को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।​
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि ‘पर्यावरण संरक्षण प्रहरी कोटा’ की इस पहल का मूल ध्येय पर्यावरण के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाना है। यह अभियान सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ की सजगता का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने घोषणा की कि आगामी वर्षों में वे स्वयं भी इस पुनीत कार्य में अपना भरपूर सहयोग प्रदान करेंगे।

​प्राकृतिक माटी से निर्मित 5/6 फीट की आकर्षक प्रतिमाएं
मुहिम के मुख्य संयोजक गोविंद नारायण अग्रवाल एवं अध्यक्ष डॉ. एमएल अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष विशेष रूप से 6 फीट की 28 प्रतिमाएं और 5 फीट की 28 प्रतिमाएं (कुल 56 प्रतिमाएं) तैयार करवाई गई थीं। ये सभी प्रतिमाएं विशुद्ध रूप से माटी एवं प्राकृतिक सामग्रियों से निर्मित हैं, ताकि विसर्जन के समय नदियों, तालाबों और जलाशयों को किसी भी प्रकार का नुकसान न पहुंचे। ​संस्थापक महामंत्री राजाराम जैन ‘कर्मयोगी’ (रावण सरकार) ने बताया कि वितरण समारोह को मोजी बाबा पावन धाम आश्रम की महामंडलेश्वर हेमा सरस्वती का पावन आशीर्वाद प्राप्त हुआ।समारोह में उप महापौर विवेक राजवंशी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इसके अलावा कार्यक्रम में रामगोपाल अग्रवाल, प्रदीप शर्मा, डॉ. रामावतार अग्रवाल, राजेश चौधरी, रोशन लाल गर्ग, पी.पी. गुप्ता, राजेंद्र अग्रवाल, पार्षद सुनीता सेन, अनिल खंडेलवाल और दिनेश बंसल सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने श्रद्धालुओं एवं सामाजिक संस्थाओं को प्रतिमाएं भेंट कीं।