Homeराजस्थानकोटा-बूंदीकोटा में सजी सुरों की शाम, शिक्षा के लिए झूमा शहर

कोटा में सजी सुरों की शाम, शिक्षा के लिए झूमा शहर

श्रद्धा मिश्रा का बॉलीवुड नाईट: संगीत बना शिक्षा का सेतु

कोटा।स्मार्ट हलचल|कोटा शहर में रविवार रात एक ऐसे सुरमयी आयोजन का साक्षी बना, जहां सुरों की गूंज शिक्षा की अलख जगाने के लिए उठी। कोटा राउंड टेबल 281 द्वारा आयोजित “श्रद्धा मिश्रा के साथ बॉलीवुड नाईट” ने सिटी पार्क के एम्फीथिएटर को संगीत और समाजसेवा के संगम में बदल दिया। श्रद्धा मिश्रा की सुरीली आवाज़ ने श्रोताओं के दिलों को छू लिया और “बॉलीवुड नाइट” का यह कार्यक्रम महज़ मनोरंजन नहीं, बल्कि एक सामाजिक बदलाव का मंच बना।

उत्साह का महासागर बना एम्फीथिएटर
शाम 7:45 बजे जैसे ही ‘सा रे गा मा पा 2024’ की विजेता श्रद्धा मिश्रा ने मंच संभाला, वातावरण तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। “थोड़ी फुरसत भी कभी मेरी जां बाहों को दीजिए… आज की रात मजा हुस्न का” जैसे शुरुआती गीत ने ही श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
“तारीफ मेरी तो वैसे तो करता है… पर जाके नैयना कहीं और लड़ाए”, “काटी रात मैंने खेतों में तू आई नहीं”, “चल तेरे इश्क में पड़ जाते हैं” और “राम चाहे लीला चाहे” जैसे लोकप्रिय गीतों ने माहौल को ऐसा सजाया कि श्रोता अपनी सीटों पर नाचते हुए नज़र आए। श्रद्धा मिश्रा की दिलकश आवाज़ और सधे हुए मंच प्रदर्शन ने संपूर्ण माहौल को भावविभोर कर दिया। दर्शकों में हर उम्र के लोग शामिल थे और सभी ने झूमते-गाते इस संगीत संध्या का भरपूर आनंद उठाया।

DJ MEXX ने बढ़ाया उत्साह
श्रद्धा के मनमोहक प्रदर्शन के बाद DJ MEXX ने अपने हाई-एनर्जी सेट से माहौल को और भी रंगीन बना दिया। 9:45 बजे से 11:00 बजे तक चले इस संगीतमय समारोह में उपस्थित हर व्यक्ति ताल पर थिरकता नज़र आया।

शिक्षा के लिए उठाया कदम
टेबल के अध्यक्ष निमिष पराशर ने अपने उद्बोधन में कहा, “यह केवल एक संगीत कार्यक्रम नहीं, बल्कि शिक्षा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इस आयोजन से प्राप्त धनराशि का उपयोग राजनगर स्थित गवर्नमेंट अपर प्राइमरी स्कूल में 6 नए कक्षा-कक्षों के निर्माण हेतु किया जाएगा।”
कार्यक्रम सहयोगी सिमरन बब्बर और महेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से कहा, “हमारा मानना है कि हर बच्चे के भविष्य को उज्जवल बनाने के लिए शिक्षा सबसे शक्तिशाली माध्यम है। आज का यह कार्यक्रम इसी सोच का विस्तार है।”

दशक भर की सेवा यात्रा
कोटा राउंड टेबल 281 पिछले एक दशक से सामाजिक विकास के क्षेत्र में सक्रिय है। संस्था के सचिव सारांश मित्तल ने बताया कि पिछले 10 वर्षों में संस्था ने कोटा और आसपास के 20 से अधिक क्षेत्रों में कुल 86 कक्षा-कक्षों का निर्माण कराया है, जिससे 10,000 से अधिक जरूरतमंद विद्यार्थियों को लाभ मिला है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में भी संस्था का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिसके अंतर्गत मातृ एवं शिशु वार्ड, सैंपल कलेक्शन सेंटर और एक्स-रे रूम जैसे आवश्यक संसाधन निर्मित करवाए गए हैं।

श्रद्धा मिश्रा: संगीत की उभरती प्रतिभा
आगरा की रहने वाली श्रद्धा मिश्रा ने हाल ही में ‘सा रे गा मा पा 2024’ में अपने अद्भुत गायन से जीत हासिल कर देशभर में ख्याति अर्जित की है। उनकी संगीत यात्रा अपनी दादी से भजन सीखने से शुरू हुई थी। मुंबई में अकेले रहकर संघर्ष और साधना से उन्होंने संगीत की दुनिया में अपनी पहचान बनाई।
उनका पहला फिल्मी गीत ‘शिकारा’ फिल्म के लिए था, जो फिल्मफेयर में नामांकित हुआ था। श्रद्धा का पहला ओरिजिनल ट्रैक ‘धोखेबाज़ी’ भी युवाओं में खासा लोकप्रिय हुआ है।
इस प्रकार एक संगीतमय शाम ने न केवल कोटावासियों को मनोरंजन प्रदान किया, बल्कि वंचित बच्चों के शैक्षिक भविष्य को उज्जवल बनाने की दिशा में एक सार्थक कदम भी उठाया।

स्मार्ट हलचल न्यूज़ पेपर 31 जनवरी 2025, Smart Halchal News Paper 31 January 2025
स्मार्ट हलचल न्यूज़ पेपर 31 जनवरी 2025, Smart Halchal News Paper 31 January 2025
स्मार्ट हलचल न्यूज़ पेपर  01 अगस्त  2024, Smart Halchal News Paper 01 August 
स्मार्ट हलचल न्यूज़ पेपर  01 अगस्त  2024, Smart Halchal News Paper 01 August 
news paper logo
AD dharti Putra
logo
AD dharti Putra
RELATED ARTICLES