पन्नाधाय सप्ताह में जागरूकता की मिसाल: सूँथडा विद्यालय में बालिकाओं को मिला सुरक्षा व सम्मान का संदेश

शिवराज बारवाल मीना
टोंक/उनियारा। स्मार्ट हलचल|निदेशालय महिला अधिकारिता, जयपुर के निर्देशानुसार 6 अप्रैल 2026 से राज्यभर में “पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान जागृति सप्ताह” का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरूवार, 9 अप्रैल को उनियारा ब्लॉक की सूँथडा ग्राम पंचायत स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में एक जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला का आयोजन सहायक निदेशक महिला अधिकारिता विभाग श्रीमती मैंरिंगटन सोनी के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह जैसी कुरीतियों की रोकथाम तथा विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी छात्राओं तक पहुंचाना रहा। कार्यशाला के प्रारंभ में बालिकाओं को महिला अधिकारिता विभाग एवं पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र का परिचय दिया गया। इसके साथ ही विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं केंद्र की सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006 के प्रावधानों से अवगत कराते हुए बाल विवाह के दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान माहवारी स्वच्छता, पोषण और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद स्थापित किया गया तथा छात्राओं के सवालों के जवाब भी दिए गए। महिला सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए सखी वन स्टॉप सेंटर, महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की गई। कार्यशाला में महिला अधिकारिता विभाग टोंक की पर्यवेक्षक नरेश मीणा, पन्नाधाय केंद्र की परामर्शदाता श्रीमती आशा शास्त्री, श्रीमती मंजू चौधरी, श्रीमती सविता गुर्जर, श्रीमती भावना सक्सेना, ग्राम साथिन श्रीमती चंदा देवी, विद्यालय की प्रिंसिपल श्रीमती कमला रावत, अध्यापिकाएं श्रीमती हेमलता जैन, श्रीमती संगीता लांबा, श्रीमती अर्चना मीणा, श्रीमती रितु साहू सहित समस्त छात्राएं उपस्थित रहीं।