डेगाना में गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल: श्री श्याम निशान यात्रा पर मुस्लिम समाज ने की पुष्प वर्षा

एजाज़ अहमद उस्मानी

स्मार्ट हलचल|डेगाना में श्री श्याम बाबा की छठी विशाल निशान पदयात्रा श्रद्धा, उल्लास और साम्प्रदायिक सौहार्द के साथ निकाली गई। इस भव्य यात्रा में 5 हजार से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। खास बात यह रही कि कायमखानी नगर क्षेत्र में मुस्लिम समाज के लोगों ने जेसीबी के माध्यम से पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया, जो आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहज़ीब की सुंदर मिसाल बन गया। यह पदयात्रा वेंकटेश्वर सत्यनारायण मंदिर से प्रारंभ होकर श्री श्याम मंदिर चांदारूण तक निकाली गई। पूरे मार्ग में “श्याम बाबा की जय” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। डीजे पर बजते भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूमते हुए आगे बढ़ रहे थे।
हाथों में केसरिया निशान और माथे पर श्याम नाम की पट्टियां लगाए श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। युवाओं के साथ महिलाओं और बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। कई श्रद्धालु नंगे पांव चलकर बाबा के दरबार पहुंचे।भामाशाह द्वारका प्रसाद हेड़ा एवं श्याम परिवार संघ के सानिध्य में आयोजित इस पदयात्रा में डेगाना सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा के दौरान सजी श्री श्याम बाबा की अलौकिक झांकी आकर्षण का केंद्र रही। भक्त झांकी के साथ सेल्फी लेते और भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए।जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। यह आयोजन न केवल आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का प्रेरक संदेश भी दे गया।