विशेषज्ञों ने समझाया नेत्रदान और नेत्र स्वास्थ्य का महत्व, विद्यार्थियों ने लिया जागरूकता फैलाने का संकल्प

कोटा, 27 अगस्त।स्मार्ट हलचल|नेत्रदान को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने और नई पीढ़ी को नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, विज्ञाननगर में गुरुवार को विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान, कोटा चैप्टर के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को नेत्रदान के महत्व, कॉर्नियल अंधत्व और आंखों की देखभाल के बारे में जानकारी दी।
डॉ. के. के. कंजोलिया ने कहा कि नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने कॉर्नियल अंधत्व के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मृत्यु के बाद किया गया नेत्रदान जरूरतमंद लोगों को दृष्टि प्राप्त करने में सहायक हो सकता है।
वरिष्ठ नेत्र शल्य चिकित्सक डॉ. सुरेश के. पाण्डेय ने नेत्र प्रतिरूप के माध्यम से विद्यार्थियों को आंख की संरचना और कार्यप्रणाली समझाई। उन्होंने कॉर्निया, आइरिस, पुतली, लेंस, रेटिना और दृष्टि तंत्रिका की भूमिका को सरल भाषा में बताया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नेत्रदान, कॉर्नियल प्रत्यारोपण और नेत्र स्वास्थ्य से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने सरल भाषा में समाधान किया। अंत में उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने समाज में नेत्रदान के प्रति जागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य अनिता शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान, कोटा चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. के. के. कंजोलिया, वरिष्ठ नेत्र शल्य चिकित्सक एवं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सुरेश के. पाण्डेय, उपाध्यक्ष जी. डी. पटेल, कार्यकारिणी सदस्य अमित सिंह राठौड़, अनीता चौहान तथा तकनीशियन टिंकू ओझा सहित शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
सादर प्रकाशनार्थ सम्पादक महोदय