पुनित चपलोत
भीलवाड़ा । शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र स्थित न्यू पटेल नगर में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 40 वर्षीय युवक आनंद सिंह ने अपनी पत्नी और उसके प्रेमी की मानसिक प्रताडऩा से तंग आकर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक आनंद सिंह की जेब से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जो उनकी मौत की पूरी कहानी खुद बयां कर रहा है। नोट में स्पष्ट रूप से अपनी मौत का जिम्मेदार अपनी पत्नी कोमल देवी और उसके प्रेमी मनोज वर्मा को ठहराया गया है। परिजनों का आरोप है कि आनंद सिंह लंबे समय से गहरे मानसिक तनाव में थे। जानकारी के अनुसार, मृतक की पत्नी कोमल देवी कुछ समय पहले अपने प्रेमी मनोज वर्मा के साथ भाग गई थी। करीब दो महीने बाद वह वापस लौटी, लेकिन प्रेमी का पीछा नहीं छूटा। प्रेमी मनोज वर्मा लगातार आनंद सिंह को फोन कर धमकियां दे रहा था कि कोमल मेरी पत्नी है, मैं उसे लेकर जाऊंगा। क्रूरता की हद तो तब हो गई जब 19 फरवरी को कोमल देवी अपने प्रेमी के साथ एक बार फिर फरार हो गई और साथ में अपने दोनों मासूम बच्चों को भी ले गई। जाते समय वह एक पत्र छोड़ गई, जिसे पढक़र आनंद सिंह पूरी तरह टूट गए थे। प्रेमी मनोज की जान से मारने की धमकियों और पत्नी के बार-बार घर छोडक़र भागने के अपमान को आनंद सिंह सह नहीं पाए और शंजवार सुबह मौत को गले लगा लिया।
सूचना मिलते ही प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
पुलिस ने जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंचकर परिजनों कि मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
मृतक के छोटे भाई नरेंद्र सिंह पुत्र भुवनेश्वर सिंह राजपूत ने जिला अस्पताल की मोर्चरी पर पुलिस को आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और मुकदमा दर्ज करने की रिपोर्ट दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
