बानसूर। स्मार्ट हलचल।क्षेत्र के ज्ञानपुरा गांव में शनिवार सुबह करंट लगने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। किसान अपने खेत में ट्यूबवेल की मोटर चालू करने गया था, तभी स्टार्टर में अचानक करंट प्रवाहित होने से हादसा हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार ज्ञानपुरा निवासी गजेंद्र सिंह सुबह करीब 7 बजे अपने खेत में चारा काटने के लिए गए थे। इस दौरान उन्होंने ट्यूबवेल की मोटर चालू करने का प्रयास किया, तभी स्टार्टर से करंट लगने से वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े। करीब एक घंटे बाद पास के खेत में काम कर रहे एक किसान ने उन्हें देखा और परिजनों को सूचना दी। परिजन व ग्रामीण उन्हें तत्काल नारायणपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर क्षेत्रीय विधायक देवीसिंह शेखावत मौके पर पहुंचे और परिजनों से मिलकर सांत्वना दी तथा अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर हैं।
