बल्लभपुरा गांव में किसानों का रास्ता बना दलदल, कीचड़ में फंस रहे वाहन, ग्रामीण परेशान

कोटा।स्मार्ट हलचल|तहसील दीगोद के ग्राम पंचायत भौंरा के *ग्राम बल्लभपुरा* में खेतों की ओर जाने वाला मुख्य कच्चा रास्ता बारिश के बाद पूरी तरह कीचड़ और दलदल में बदल गया है। तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि पूरे रास्ते पर ट्रैक्टरों के टायरों के गहरे निशान और घुटनों तक पानी-कीचड़ भरा है।ग्रामीणों के अनुसार यह रास्ता बल्लभपुरा एवं भौंरा के करीब 60-70 किसानों के लगभग 400 बीघा से अधिक कृषि भूमि को जोड़ता है। इसी रास्ते से किसान खाद-बीज, फसल और मंडी तक अनाज ले जाते हैं। लेकिन रास्ते की हालत इतनी खराब है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली आए दिन कीचड़ में फंस जाते हैं। पैदल निकलना भी दूभर हो गया है। कई बार किसान फिसलकर घायल हो चुके हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि कई बार सरपंच और पंचायत समिति सुल्तानपुर को ग्रेवल डालने और रास्ते को दुरुस्त करने के लिए कहा, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

किसानों ने जिला प्रशासन और विधायक से मांग की है कि बल्लभपुरा से खेतों की ओर जाने वाले इस रास्ते पर तुरंत मिट्टी-ग्रेवल डलवाई जाए और मनरेगा या सड़क योजना से इसे पक्का किया जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके।