चंबल परियोजना का इंतजार कर रहे किसान, महंगाई से परेशान आमजन और नई अफीम नीति से किसानों में नाराजगी: पूर्व मंत्री जाड़ावत

ओम जैन

शंभूपुरा। स्मार्ट हलचल|पंचायत राज चुनावों के तहत जनसंपर्क कर रहे राजस्थान सरकार के पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्रसिंह जाड़ावत ने क्षेत्र की तीन प्रमुख समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए।चंबल परियोजना पर बोलते हुए जाड़ावत ने कहा कि चित्तौड़गढ़ क्षेत्र के लिए चंबल परियोजना पेयजल की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण और दूरगामी योजना है। यह परियोजना अगले 100 वर्षों तक क्षेत्र की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। एलएनटी कंपनी को टेंडर हो गया वर्क ऑर्डर के अभाव में पिछले छह महीने से परियोजना वित्त विभाग में अटकी पड़ी है। कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 665 करोड़ की परियोजना मंजूर की थी जिसमें शहर एवं चित्तौड़गढ़ विधानसभा के सभी गांव मजरे ढाणी शामिल है। आखिर भाजपा सरकार इस महत्वपूर्ण परियोजना को गति कब देगी? कांग्रेस शासनकाल में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए गंभीर प्रयास किए गए थे, लेकिन वर्तमान में इसकी देरी से क्षेत्र की जनता को निराशा हो रही है।
महंगाई पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की जरूरतों की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है। गरीब, मध्यम वर्ग, मजदूर और किसान सभी महंगाई से परेशान हैं। भाजपा सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
नई अफीम नीति पर सवाल उठाते हुए जाड़ावत ने कहा कि 4.4 प्रतिशत मार्फिन की शर्त और सीपीएस व्यवस्था को लेकर अफीम किसानों में भारी नाराजगी है। चित्तौड़गढ़ क्षेत्र के हजारों किसानों की आजीविका अफीम की खेती से जुड़ी है। सरकार को किसानों की वास्तविक परिस्थितियों को समझते हुए नई नीति में आवश्यक संशोधन करना चाहिए। किसानों के हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।
पूर्व राज्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में क्षेत्र के विकास, सड़क, बिजली, पानी, चिकित्सा, शिक्षा और सिंचाई से जुड़े अनेक जनहितकारी कार्य किए गए। वर्तमान भाजपा सरकार की जिम्मेदारी है कि पूर्ववर्ती सरकार की विकास योजनाओं को आगे बढ़ाकर जनता को राहत दे।
उन्होंने कहा कि पंचायत राज चुनावों में जनता चंबल परियोजना, महंगाई और अफीम नीति जैसे ज्वलंत मुद्दों पर सरकार के खिलाफ में कांग्रेस को वोट देकर तानाशाही सरकार को जवाब देगी।