संदिग्ध परिस्थितियों में होमगार्ड जवान की मौत, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
खखरेरू / फतेहपुर, स्मार्ट हलचल। थाना क्षेत्र के कठारिया गांव निवासी एक होमगार्ड जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के भतीजे राजकुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके चाचा ज्ञान सिंह (58) पुत्र सांवल सिंह की रविवार सुबह अचानक मौत हो गई। बताया गया कि शनिवार शाम ज्ञान सिंह गांव के बाहर शराब के नशे में पड़े मिले थे। सूचना मिलने पर परिजन उन्हें घर ले आए, जहां वह सो गए।
रविवार सुबह जब परिजन उन्हें चाय के लिए जगाने पहुंचे तो वह मृत अवस्था में मिले। घटना के बाद परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए पुलिस से जांच और कार्रवाई की मांग की है। मृतक खखरेरू थाने में होमगार्ड के पद पर तैनात थे।
ग्रामीणों के बीच यह चर्चा भी रही कि कहीं जहरीली शराब के सेवन से उनकी मौत तो नहीं हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
