पुनित चपलोत
भीलवाड़ा। भीलवाड़ा-कोटा हाईवे पर एएनटीएफ की सतर्कता से मादक पदार्थ तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। टीम ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर एक बिना नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार से 80.970 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया। हालांकि कार सवार दोनों तस्कर जंगल और नदी क्षेत्र का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने कार के साथ चार अलग-अलग नंबर प्लेट भी जब्त की हैं।
जानकारी के अनुसार एएनटीएफ टीम भीलवाड़ा-कोटा हाईवे पर वाहनों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान बिगोद-सवाईपुर की ओर से तेज रफ्तार में एक बिना नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार भीलवाड़ा की तरफ जाती दिखाई दी। संदेह होने पर टीम ने कार का पीछा शुरू किया। पुलिस को पीछे आता देख चालक ने कार की रफ्तार और बढ़ा दी तथा हाईवे छोड़कर पौंड्रास गांव की ओर भाग निकला।
पीछा करते हुए पुलिस भी गांव पहुंच गई। घबराहट में चालक ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के पास तीखे मोड़ पर कार मोड़ी, लेकिन वाहन पत्थर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद कार में सवार दोनों युवक वाहन छोड़कर खेतों, झाड़ियों और नदी क्षेत्र की ओर भाग निकले। टीम ने पैदल पीछा किया, लेकिन दोनों फरार होने में सफल रहे।
घटना की सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कार की तलाशी लेने पर उसमें रखे चार काले प्लास्टिक के कट्टों से 80.970 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। इसके अलावा कार में चार अलग-अलग नंबर प्लेट भी मिलीं, जिनका इस्तेमाल पुलिस से बचने के लिए किए जाने की आशंका है।
सदर थाना पुलिस ने डोडा पोस्त, बिना नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार और चारों नंबर प्लेट जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार तस्करों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
