उनियारा में रोडवेज बस स्टैंड पर गंदगी-यात्रियों की सुविधा पर सवाल

सफाई व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवाल,बैठने वाली जगह पर गुटखा-थूक के निशान और फर्श पर फैली गंदगी से यात्री परेशान

शिवराज बारवाल मीना
टोंक/उनियारा। स्मार्ट हलचल|उपखण्ड मुख्यालय कस्बा उनियारा में रोडवेज बस स्टैंड पर सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। यात्रियों का आरोप है कि बस स्टैंड परिसर में नियमित सफाई व्यवस्था प्रभावी नहीं होने से जगह-जगह गंदगी नजर आ रही है। यात्रियों के बैठने वाली जगह पर गुटखा और थूक के निशान, जबकि फर्श पर भी गंदगी फैली हुई दिखाई दे रही है। रोजाना बड़ी संख्या में यात्रियों की आवाजाही के बावजूद सफाई व्यवस्था बदहाल होने का आरोप लगाया जा रहा है। वहीं, बस स्टैंड परिसर में राज्य सरकार द्वारा अन्नपूर्णा रसोई संचालित होने के बावजूद स्वच्छता व्यवस्था चिंताजनक बताई जा रही है। यात्रियों का कहना है कि सफाई के नाम पर होने वाले खर्च और धरातल पर दिखाई देने वाली व्यवस्था के बीच अंतर नजर आ रहा है। यात्रियों ने रोडवेज प्रशासन से बस स्टैंड परिसर में नियमित सफाई, बैठने की जगहों की स्वच्छता और यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।