भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|शहर के बापू नगर क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक मारुति सुजुकी ब्रेजा कार के इंटीरियर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। कार दुकान के बाहर खड़ी थी। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे कार दुकान के बाहर खड़ी थी। जब बाजार जाने के लिए कार का दरवाजा खोला गया, तो अंदर धुआं भरा हुआ दिखाई दिया। जांच करने पर कार के इंटीरियर में आग लगने का पता चला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल दुकान पर उपलब्ध अग्निशमन यंत्र की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया।
समय रहते आग बुझा दिए जाने से आग ने विकराल रूप नहीं लिया और संभावित बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, कार के इंटीरियर में आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।