नीरज मीणा
स्मार्ट हलचल/मंडावर उपखंड क्षेत्र के समीप स्थित नादना गांव की पहाड़ियों में सोमवार को अचानक आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पहाड़ी क्षेत्र में सूखी झाड़ियों और घास के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा।वन विभाग कर्मचारी भगवान सहाय मीना ने जानकारी देते हुए बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए गए। विभागीय कर्मचारियों एवं स्थानीय ग्रामीणों की मदद से आग को फैलने से रोकने का कार्य लगातार जारी है।
उन्होंने बताया कि तेज हवा के कारण आग तेजी से फैल रही थी, लेकिन टीम द्वारा सतर्कता के साथ राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में चिंता का माहौल बना हुआ है। प्रशासन एवं वन विभाग ने लोगों से पहाड़ी क्षेत्र में सावधानी बरतने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।
फिलहाल आग पर नियंत्रण पाने के प्रयास जारी हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
