भीलवाड़ा में आज पहले चरण का पंचायत चुनाव, 1110 बूथों पर डाले जाएंगे वोट

9 पंचायत समितियों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान, प्रशासन ने पूरी की तैयारियां

भीलवाड़ा, 21 अक्टूबर।

स्मार्ट हलचल|जिले में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के पहले चरण का मतदान गुरुवार, 22 अक्टूबर को होगा। इसके लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बुधवार को भीलवाड़ा के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में मतदान दलों को प्रशिक्षण देने के बाद उन्हें निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। पहले चरण में जिले की 9 पंचायत समितियों के 1110 मतदान केंद्रों पर जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
पहले चरण में कोटड़ी, जहाजपुर, खजूरी, मांडलगढ़, बिजौलियां, मांडल, करेड़ा, सुवाणा और बनेड़ा पंचायत समितियों में मतदान होगा। इस दौरान जिला परिषद की 28 सीटों पर चुनाव कराया जाएगा, जिनमें 23 पूर्ण और 5 आंशिक सीटें शामिल हैं। इसके साथ ही पंचायत समिति सदस्यों की 177 सीटों के लिए भी मतदान होगा। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है।
मतदान केंद्रों की संख्या के लिहाज से सुवाणा पंचायत समिति सबसे आगे है। यहां 217 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कोटड़ी में 164, मांडल में 127, मांडलगढ़ में 120, बनेड़ा में 108, जहाजपुर में 107, करेड़ा में 102, खजूरी में 87 और बिजौलियां में 78 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे।
पहले चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के बाद संबंधित क्षेत्रों में 24 अक्टूबर को सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। जिले की सभी 16 पंचायत समितियों में दोनों चरणों को मिलाकर कुल 1741 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। अंतिम मतदाता सूची के अनुसार जिले में कुल 14 लाख 37 हजार 322 मतदाता पंजीकृत हैं। अब पहले चरण के मतदान के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी प्रक्रिया का महत्वपूर्ण पड़ाव शुरू होगा।