गौरव पारीक
विद्यार्थियों ने साइक्लिंग एवं ज़ुम्बा के माध्यम से दिया स्वस्थ जीवनशैली का संदेश
स्मार्ट हलचल|भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में एस.एस. जैन सुबोध पी.जी. महाविद्यालय (स्वायत्त), जयपुर में रविवार को ‘फिट इंडिया–संडे ऑन साइकिल’ अभियान के अंतर्गत विशेष फिटनेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री एस.पी. भटनागर जी, क्षेत्रीय निदेशक, राष्ट्रीय सेवा योजना, राजस्थान रहे। उन्होंने विद्यार्थियों एवं एन.एस.एस. स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं का स्वस्थ एवं सक्रिय रहना राष्ट्र के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से साइक्लिंग, व्यायाम एवं अन्य शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।
भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) की ओर से श्री जॉय चाको, अनुभाग अधिकारी, साईं प्रशिक्षण केन्द्र, विद्याधर नगर स्टेडियम, जयपुर कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ फिटनेस गतिविधियों में सहभागिता करते हुए साइक्लिंग एवं शारीरिक सक्रियता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि फिटनेस केवल एक दिन की गतिविधि नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का निरंतर हिस्सा होना चाहिए।कार्यक्रम में प्रो. गोविंद शरण शर्मा, जिला समन्वयक, राष्ट्रीय सेवा योजना, जयपुर की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से सामाजिक एवं राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों के साथ-साथ स्वास्थ्य एवं फिटनेस को भी प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) रेणु जोशी ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ विचारों का विकास होता है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक बनाकर उन्हें राष्ट्र निर्माण की दिशा में अधिक प्रभावी ढंग से जोड़ा जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से ‘फिट युवा–फिट भारत’ के संकल्प को आत्मसात करने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ साइक्लिंग, ज़ुम्बा तथा विभिन्न फिटनेस गतिविधियों में भाग लिया। ज़ुम्बा सत्र ने विद्यार्थियों में विशेष उत्साह एवं ऊर्जा का संचार किया, वहीं साइक्लिंग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं एन.एस.एस. स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए फिटनेस को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का वातावरण ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता से भरपूर रहा।
इस अवसर पर डॉ. अनंत विजया सोनी, डॉ. मुकेश शर्मा, डॉ. विशाल गौत्तम एवं डॉ. राकेश ढाभाई सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण, एन.एस.एस. स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
