फिट इंडिया के “संडे ऑन साइकिल” अभियान में 375 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, साइक्लिंग के साथ मेडिटेशन का भी मिला अनुभव

स्मार्ट हलचल, जयपुर। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) और फिट इंडिया अभियान के संयुक्त तत्वावधान में हार्टफुलनेस जयपुर सेंटर के सहयोग से रविवार को “Sundays On Cycle (संडे ऑन साइकिल)” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रामचंद्रपुरा स्थित हार्टफुलनेस मेडिटेशन सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 375 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6:30 बजे वार्मअप एक्सरसाइज और जुम्बा से हुई, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके बाद स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया एवं हार्टफुलनेस संस्था की ओर से मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का शॉल, गुलदस्ता और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि रामचंद्रपुरा ग्राम पंचायत के सरपंच एवं राजस्थान सरपंच संघ के अध्यक्ष बंशीधर गढ़वाल ने “फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज” का संदेश देते हुए हरी झंडी दिखाकर साइकिल रैली को रवाना किया।
आयोजन के लिए फिट इंडिया की ओर से 70 साइकिलों की व्यवस्था की गई थी, जबकि कई प्रतिभागी अपनी निजी साइकिल लेकर भी पहुंचे। साइक्लिंग में 8-10 वर्ष के बच्चों से लेकर 85 वर्ष तक के वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लेकर फिटनेस के प्रति जागरूकता का परिचय दिया।
साइक्लिंग के बाद प्रतिभागियों ने हार्टफुलनेस रिलैक्सेशन एवं मेडिटेशन सत्र में भाग लिया, जहां उन्होंने मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया तथा अल्पाहार कराया गया।
प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से लाभदायक बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता जताई। आयोजकों ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों को नियमित व्यायाम, साइक्लिंग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना है।