अंतिम इनामी कुश्ती में मौसम अली ने जल्लाद को चित कर जीता 15 हजार का पुरस्कार
खखरेरू /स्मार्ट हलचल।फतेहपुर पितृ पक्ष के अवसर पर नगर पंचायत खखरेरू में लगने वाले ऐतिहासिक पांच दिवसीय मेले का शनिवार को विशाल दंगल के साथ समापन हो गया। दशकों पुरानी मेले और दंगल की परंपरा आज भी कस्बे की पहचान बनी हुई है। अंतिम दिन आयोजित दंगल को देखने के लिए हजारों की संख्या में दर्शक उमड़े।
दंगल में नेपाल के स्टार पहलवान लकी थापा के अलावा मौसम अली, टाइगर, चीता, जावेद गनी, अंकुल समेत विभिन्न राज्यों से आए नामी पहलवानों ने अखाड़े में जोर आजमाइश की। पहलवानों ने एक से बढ़कर एक दांव-पेंच दिखाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। हर मुकाबले के दौरान अखाड़े के चारों ओर दर्शकों की भीड़ जुटी रही।
दंगल की मुख्य अतिथि खागा विधायक एवं राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने पहुंचकर पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने नेपाल के पहलवान लकी थापा और मौसम अली का हाथ मिलवाकर कुश्ती का शुभारंभ कराया।
दंगल का मुख्य आकर्षण 15 हजार रुपये की अंतिम इनामी कुश्ती रही। इसमें मौसम अली और जल्लाद पहलवान के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी, लेकिन मौसम अली ने शानदार दांव लगाकर जल्लाद को पटकनी दे दी। जीत के बाद दर्शकों ने उत्साह में अखाड़े में रुपये बरसाकर मौसम अली का स्वागत किया।
मेले और दंगल के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय पुलिस मुस्तैद रही।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष ज्ञान चंद्र केसरवानी, भाजपा मंडल अध्यक्ष गया पाल, शुभम मिश्रा, प्रशांत केसरवानी समेत सभासद, मेला कमेटी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।