दाखी बाई जैन एवं जानकी देवी की आंखों से चार लोगों को मिलेगी नई नेत्र ज्योति
रात भर के प्रयास और संपन्न हुए दो जोड़ी नेत्रदान
रणवीर सिंह चौहान
भवानी मंडी
स्मार्ट हलचल /नेत्रदान के प्रति लोगों की जागरूकता परिणाम दे रही है, इसी तरह की जागरूकता भवानीमंडी में अगस्त महीने में देखने को मिली जब महज 11 दिनों में संपन्न 5 जोड़ी नेत्रदान से 10 लोगों के लिए नई नेत्र ज्योति की व्यवस्था हुई है। गुरुवार रात्रि को भी भवानीमंडी एवं मनोहरथाना में संपन्न दो नेत्रदान से चार लोगों को नई रोशनी प्राप्त हो सकेगी।
भारत विकास परिषद के नेत्रदान प्रभारी एवं शाइन इंडिया फाउंडेशन के नगर संयोजक कमलेश दलाल ने बताया कि दिगंबर जैन समाज भवानीमंडी के पूर्व अध्यक्ष विजय जैन जूली की माताजी दाखी बाई जैन के निधन के पश्चात मौके पर उपस्थित राजकीय चिकित्सालय के नर्सिंग अधिकारी अविनाश जैन एवं समाज के आलोक जैन की प्रेरणा से परिवार ने नेत्रदान का निर्णय लिया एवं सूचना देने पर शाइन इंडिया फाउंडेशन के डॉ कुलवंत गौड़ ने रात्रि को 2 बजे ज्योति-रथ से भवानीमंडी पहुंचकर नेत्रदान प्राप्त किया, जिस समय डॉ गौड़ को सूचना दी गई वह अपने साले की पुत्री के एक्सीडेंट पर उससे मिलने गए हुए थे, एवं कोटा में तेज बारिश हो रही थी ऐसे में ड्राइवर मिल पाना कुछ कठिन था ऐसे में अपने साले संजय दाधीच को साथ लेकर डॉक्टर गौड़ भवानीमंडी को निकल गए, भवानीमंडी में रात्रि को पूरे परिवार के सामने नेत्र उत्तसरण टीम कॉर्निया प्राप्त करके औपचारिकताओं की पूर्ति कर रही थी, इसी दौरान नेत्रदान प्रभारी कमलेश दलाल के पास फलोदी माता मंदिर ट्रस्टी बबलू गुप्ता इकलेरा का फोन आया कि मनोहरथाना निवासी भाजपा नेता ललित कुमार एवम मोहित कुमार की माताजी जानकी बाई (उप प्रधान पंचायत समिति मनोहरथाना) का जयपुर में इलाज के दौरान आकस्मिक निधन हुआ है एवं समाज सेवा से जुड़े हुए परिवार की नेत्रदान की इच्छा है, तथा परिवार पार्थिव शरीर को जयपुर से लेकर मनोहरथाना आ रहे हैं, परिवार से संपर्क करने पर समय को देखते हुए डॉ कुलवंत ने कोटा जाते समय रास्ते में कोटा भवानीमंडी मार्ग पर दरा के समीप एंबुलेंस रुकवाकर, एंबुलेंस में में ही नेत्रदान प्रक्रिया संपादित करके जानकी बाई का कॉर्निया प्राप्त किया, इस प्रकार पूरी रात यात्रा करके डॉ कुलवंत दो जोड़ी कॉर्निया लेकर सुबह 5 बजे कोटा लौटे।
ईबीएसआर बीबीजे कोऑर्डिनेटर डॉ कुलवंत गौड़ के अनुसार प्राप्त चारों कॉर्निया सही पाए गए हैं, जिन्हें आई बैंक जयपुर भिजवा दिया गया है, जिसके माध्यम से चार लोगों को नई नेत्र ज्योति प्राप्त हो सकेगी।
पुत्र विजय जैन एवं पौत्र प्रभव जैन ने बताया कि पिछले वर्ष भवानीमंडी में संपन्न चातुर्मास के समय मुनिश्री निष्पक्ष सागर महाराज एवं मुनिश्री निष्प्रह सागर महाराज की प्रेरणा से उनके परिवार में नेत्रदान का भाव जागृत हुआ है।
नेत्रदान प्रभारी कमलेश गुप्ता दलाल बताया कि यह पिछले 11 दिनों में रिकॉर्ड पांचवा नेत्रदान संपन्न हुआ हैं जिसमें चार महिलाएं हैं।
