दूध उत्पाद इकाई में मिली खामियां, सुधार नोटिस जारी करने की तैयारी

बालाजी एंटरप्राइजेज के निरीक्षण में जरूरी दस्तावेज नहीं मिले, सुभाष मावा भंडार से मावे का नमूना लिया

अनिल कुमार खींची

ब्यावर ।स्मार्ट हलचल। आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ब्यावर में खाद्य कारोबारियों के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान बालाजी एंटरप्राइजेज की दूध उत्पाद निर्माण इकाई में आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं मिलने पर सुधार नोटिस जारी करने का प्रस्ताव तैयार किया गया।

निरीक्षण के दौरान इकाई में कार्यरत कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र, खाद्य उत्पादों की रिकॉल प्रक्रिया से संबंधित दस्तावेज तथा कर्मचारियों के FoSTaC प्रशिक्षण के अभिलेख उपलब्ध नहीं पाए गए। विभाग ने इन कमियों के मद्देनजर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की है।

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ब्यावर स्थित सुभाष मावा भंडार से मावे का नमूना भी लिया। नमूने को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निर्माण इकाइयों एवं खाद्य विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण और नमूनाकरण लगातार किया जा रहा है। कार्रवाई का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करना है।

निरीक्षण एवं नमूनाकरण की कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी विक्रम बेड़ा और कुलदीप सिंह चौधरी ने की।