मिलावटखोरों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी, अजमेर लैब में होगी जांच; आमजन से सतर्क रहने की अपील
(महेन्द्र नागौरी)
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|जिले में मिलावटखोरी पर लगाम कसने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। सोमवार और मंगलवार को चलाए गए विशेष अभियान में विभिन्न डेयरियों और प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए दूध, क्रीम और घी के नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए अजमेर प्रयोगशाला भेजा गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा के निर्देशन में टीम ने बनेड़ा क्षेत्र के चामुंडा फूड्स से दूध तथा मांडल चौराहा स्थित बालाजी गुर्जर डेयरी से क्रीम का नमूना लिया। वहीं मंगलवार को शहर में सिखवाल डेयरी, सीताराम डेयरी और श्याम डेयरी से घी के नमूने संग्रहित किए गए।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव के नेतृत्व में टीम ने सघन निरीक्षण करते हुए गुणवत्ता की जांच की। विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि मिलावटखोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
सीएमएचओ ने आमजन से अपील की है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकेजिंग और एक्सपायरी डेट की जांच जरूर करें। साथ ही किसी भी तरह की मिलावट की आशंका होने पर तुरंत विभाग को सूचना देने को कहा है।
खाद्य विभाग का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके।
