महेन्द्र नागौरी
रायला में सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल, एक होटल को सुधारात्मक नोटिस; सभी सैंपल जांच के लिए अजमेर भेजे
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने रायला क्षेत्र के होटल-ढाबों पर कार्रवाई करते हुए पनीर, मिर्च पाउडर और ग्रेवी के नमूने लिए। अचानक हुई जांच से खाद्य प्रतिष्ठानों में हलचल मच गई।सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। हैप्पी लाइफ होटल से पनीर और मिर्च पाउडर, जबकि होटल तैराना, रायला से ग्रेवी का नमूना लिया गया।
निरीक्षण के दौरान होटल तैराना में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर संचालक को सुधारात्मक नोटिस जारी किया गया। प्रतिष्ठान को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के निर्धारित मानकों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में चौपाल ढाबा, रायला से पनीर का नमूना लिया गया। सभी नमूनों को गुणवत्ता एवं मानकों की जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, अजमेर भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव ने होटल-ढाबा संचालकों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता के साथ स्वच्छता मानकों की कड़ाई से पालना करने की हिदायत दी।
