मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा महकमा का शिकंजा, 1450 लीटर मिलावटी व खट्टा दूध नष्ट

जयपुर में डेयरियों और दूध टैंकरों पर छापे, अमानक दूध मिलने पर बड़ी कार्रवाई

जयपुर /भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल।मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की पहल और चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देशन में मिलावटखोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1450 लीटर मिलावटी एवं खट्टा दूध नष्ट कराया।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला ने बताया कि कालाडेरा क्षेत्र स्थित कृष्णा दूध डेयरी पर कार्रवाई के दौरान करीब 700 लीटर दूध खट्टा और बदबूदार पाया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया। साथ ही दूध के नमूने जांच के लिए भेजे गए और डेयरी संचालक को नोटिस जारी किया गया।
इसके बाद खाद्य सुरक्षा टीम ने देर रात चिथवाड़ी क्षेत्र में मावा निर्माण इकाइयों को दूध सप्लाई करने वाले टैंकरों की जांच की। निरीक्षण के दौरान एक टैंकर में करीब 750 किलो दूध प्रारंभिक जांच में अमानक पाया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट करवाया गया।
अतिरिक्त आयुक्त
भगवत सिंह ने बताया कि मिलावटी दूध के कारोबार पर रोक लगाने के लिए विशेष खाद्य सुरक्षा दल गठित किए गए हैं, जो संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखेंगे। विभाग ने चेतावनी दी है कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ।