अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की योजना “शुद्ध आहार, मिलावट पर वार” के तहत ब्यावर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को मिठाई एवं नमकीन प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। जिला कलेक्टर कमल राम मीणा के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
खाद्य सुरक्षा दल ने बंसल मिष्ठान भंडार, सालासर नमकीन एवं मिष्ठान भंडार तथा जोधपुर स्वीट होम का निरीक्षण किया। टीम ने यहां से गुलाब जामुन, घी, तेल एवं लड्डू के नमूने लिए। खाद्य सुरक्षा दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी नारायण सिंह एवं दशरथ सिंह शामिल रहे।
लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए अजमेर लैब भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सीएमएचओ डॉ. संजय गहलोत ने आमजन से अपील की कि मिठाई खरीदते समय उसकी बनाने की तारीख और निर्माता का पूरा विवरण जरूर देखें। किसी खाद्य पदार्थ पर भ्रामक जानकारी अंकित पाए जाने पर तत्काल विभाग को सूचना दें।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी नारायण सिंह ने बताया कि आगामी त्योहारी एवं मेलों के सीजन को देखते हुए जांच और सैम्पलिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। अगले चरण में होटल-रेस्टोरेंट, मिठाई-नमकीन, कचौरी-पकौड़ी, फास्ट फूड, दूध-मावा और बेकरी प्रतिष्ठानों की भी व्यापक जांच की जाएगी।
