भीलवाड़ा
स्मार्ट हलचल|दीपावली पर बाजार में बिकने वाली मिठाइयों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने निरीक्षण और नमूनीकरण की कार्रवाई तेज कर दी है। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर गुरुवार को विभाग की टीम ने तिलक नगर स्थित कीर्ति कंफेक्शनरी सहित जोधपुर मिष्ठान भंडार और सवाई भोज मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा एवं डॉ. दिलराज मीणा की उपस्थिति में तिलक नगर स्थित कीर्ति कंफेक्शनरी का निरीक्षण किया गया। वहीं, जोधपुर मिष्ठान भंडार और सवाई भोज मिष्ठान भंडार से मलाई बर्फी एवं मावे से बनी मिठाइयों के नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के लिए दोनों प्रतिष्ठानों को इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किए गए।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरज कुमार मीणा, संजय वर्मा एवं कुलदीप चौधरी मौजूद रहे। वहीं, अन्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरज कुमार मीणा, साक्षी जैन एवं अंकित शर्मा ने कार्रवाई में भाग लिया।
खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि त्योहार के दौरान आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए नियमित निरीक्षण और नमूनीकरण किया जा रहा है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के साथ ही खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी।
जिले में कहीं भी मिलावट की आशंका या सूचना मिलने पर आमजन खाद्य सुरक्षा विभाग के जिला स्तरीय कंट्रोल रूम नंबर 01482-232643 पर सूचना दे सकते हैं।