वार्ड 31 में आदर्श विकास कमेटी का गठन, ईमानदार प्रत्याशी को जिताने का लिया संकल्प

मदन मोहन गर्ग

गंगापुर सिटी, स्मार्ट हलचल। वार्ड 31 स्थित नरसिंह कॉलोनी में रविवार, 23 अगस्त को कार्यक्रम संयोजक महेश जोशी के सहयोग से आम सभा का आयोजन किया गया। सभा में वार्ड के विकास एवं जनहित के मुद्दों पर चर्चा करते हुए आदर्श विकास कमेटी का गठन किया गया।
आम सभा में सर्वसम्मति से गोपाल शर्मा को अध्यक्ष, राकेश मंगल को उपाध्यक्ष, महेश जोशी (फोटोग्राफर) को सचिव, सुनील शर्मा को उपसचिव तथा मुकेश गुप्ता को कोषाध्यक्ष चुना गया। कमेटी के गठन के बाद उपस्थित वार्डवासियों ने वार्ड के विकास को प्राथमिकता देने तथा आपसी सहयोग से जनसमस्याओं के समाधान के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम संयोजक महेश जोशी ने कहा कि आगामी नगर परिषद चुनावों में वार्ड के विकास के लिए अच्छे, सच्चे और ईमानदार प्रत्याशी का चयन कर उसे विजयी बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि ऐसा होना चाहिए जो बिना किसी भेदभाव के वार्डवासियों की समस्याओं को समझे और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करे।
जोशी ने कहा कि यदि गंगापुर सिटी के सभी वार्डों में इसी प्रकार आदर्श विकास कमेटियों का गठन कर सामूहिक रूप से वार्ड के विकास के लिए कार्य किया जाए तो शहर के विकास को नई दिशा मिल सकती है। उन्होंने सभी वार्डवासियों से अपने-अपने वार्ड में आदर्श विकास समिति गठित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि किसी भी वार्ड में समिति के गठन या उसके संचालन को लेकर यदि किसी को सलाह-मशविरा की आवश्यकता हो तो वे सहयोग के लिए सदैव तैयार हैं। आम सभा में मौजूद लोगों ने वार्ड के विकास के लिए गठित कमेटी को अपना सहयोग देने की बात कही।