मानवता फिर शर्मसार: नैनवां में पूर्व सरपंच को अर्धनग्न कर काटे बाल, रेठोदा में भी हो चुकी है मॉब लिंचिंग, पुलिस ने दर्ज किया केस

महेंद्र कुमार सैनी

स्मार्ट हलचल/नगर फोर्ट थाना क्षेत्र की कचरावता पंचायत के रायपुरा गांव में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने चोरी के आरोप में बूंदी जिले के नैनवां क्षेत्र स्थित बामनगांव के पूर्व सरपंच अनिल हरिजन को पकड़कर उसके साथ बर्बरता की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अनिल हरिजन को चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। इसके बाद भीड़ ने कानून अपने हाथ में लेते हुए उसे अर्धनग्न कर दिया और उसके बाल काट दिए। इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
*ग्राम रेठोदा में भी हो चुकी है ऐसी घटना*
गौरतलब है कि इससे पहले भी रेठोदा में दिन में ही चोरी करता एक युवक ग्रामीणों ने पकड़कर रस्सियों से बांधा और जमकर पिटाई की थी। क्षेत्र में लगातार मॉब लिंचिंग की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।
*थानाधिकारी ने कहा – होगी सख्त कार्रवाई*
मामला संज्ञान में आते ही नगर फोर्ट थानाधिकारी बाबूलाल ने तत्काल प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि मामले में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।
थानाधिकारी बाबूलाल ने कहा, “कानून को हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है। नियमानुसार इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।पुलिस जांच में जुटी, वीडियो की पुष्टि नहीं
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वायरल हो रहे वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। चोरी का आरोप हो या कोई अन्य अपराध, सजा देने का अधिकार सिर्फ न्यायालय को है। कानून हाथ में लेना खुद एक गंभीर अपराध है।